लखनऊ में राहुल गांधी, अखिलेश और एलन मस्क को रावण बताने वाले पोस्टर लगे

lucknow

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के प्रमुख चौराहों पर लगाए गए एक नए पोस्टर ने सियासी हलचल पैदा कर दी है। ‘सनातनी रक्षा दल’ नामक संगठन की ओर से शहर में ‘दशानन रावण’ के पोस्टर लगाए गए हैं, जिन पर स्पष्ट रूप से ‘सनातन भारत के विरोधी रावण’ लिखा गया है। इस पोस्टर में रावण के 10 सिरों की जगह देश और दुनिया के अलग-अलग 10 चर्चित चेहरों को दर्शाया गया है।

रावण के 10 सिरों में किनके चेहरे?

सनातनी रक्षा दल द्वारा जारी किए गए इस पोस्टर में राजनीतिक नेताओं से लेकर आपराधिक छवि वाले चेहरों तक को एक साथ रखा गया है। रावण के चेहरों के रूप में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें लगाई गई हैं। इसके अलावा वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण का चेहरा भी इन दस सिरों में शामिल किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय चेहरों को भी लपेटा, एलन मस्क की तस्वीर ने खींचा ध्यान

इस पोस्टर की सबसे खास बात यह है कि इसमें केवल भारतीय चेहरे ही नहीं, बल्कि विदेशी राजनेताओं और हस्तियों को भी निशाना बनाया गया है। रावण के अन्य चेहरों के रूप में बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस, अमेरिकी सांसद इल्हान उमर और अरबपति निवेशक जॉर्ज सोरोस की तस्वीरें लगाई गई हैं। सबसे ज्यादा चर्चा टेस्ला और एक्स (पूर्व में ट्विटर) के मालिक एलन मस्क (Elon Musk) की तस्वीर को लेकर है, जिसे इस दशानन पोस्टर का हिस्सा बनाया गया है।

संगठन का आरोप- ‘तख्तापलट का ख्वाब देखते हैं ये लोग’

शहर के चौराहों पर इन पोस्टरों को लगाने वाले सनातनी रक्षा दल ने इन सभी 10 हस्तियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन का दावा है कि पोस्टर में दिखाए गए ये सभी लोग लगातार भारत विरोधी बयान देते हैं और देश में तख्तापलट कराने का ख्वाब देखते हैं। फिलहाल, राजधानी के प्रमुख स्थानों पर लगे ये पोस्टर राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं।