अजय देवगन के जुहू स्थित बंगले पर BMC का हथौड़ा, गुटखा विज्ञापन पर FDA का नोटिस
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के जुहू स्थित एक बंगले में कथित अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की है। नगर निगम की टीम ने आज सुबह कापोल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में स्थित 7802 वर्ग फुट के इस बंगले के कुछ हिस्सों को हथौड़े से ध्वस्त कर दिया। बीएमसी का आरोप है कि यहां बिना आवश्यक अनुमति के ढांचागत बदलाव किए जा रहे थे।
कार्रवाई की खबरें सामने आने के बाद अजय देवगन की पीआर (PR) टीम ने एक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। अभिनेता के पीआर पराग देसाई ने बताया कि जिस प्रॉपर्टी पर एक्शन हुआ है, वह अजय देवगन की जरूर है, लेकिन यह उनका निवास स्थान नहीं है और इसे किराए पर दिया गया है।
बिना अनुमति दीवारें और खिड़कियां लगाने का आरोप
बीएमसी के अनुसार, बंगले के अंदर बिना परमिशन के कई बदलाव किए गए थे। इनमें बंगले के हिस्से बांटकर नई दीवारें खड़ी करना और खिड़कियां लगाना शामिल है। नगर निगम ने 10 सितंबर 2026 को मुंबई नगर निगम अधिनियम की धारा 354ए के तहत एक आधिकारिक नोटिस जारी किया था।
इस नोटिस में निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोकने और जरूरी परमिट के साथ कागजात जमा करने का निर्देश दिया गया था। निगम का कहना है कि नोटिस को नजरअंदाज कर निर्माण कार्य जारी रखा गया, जिसके बाद बीएमसी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर वीडियोग्राफी की और अवैध ढांचे को ढहा दिया।
पीआर की सफाई- अनियमितताओं के कारण हुई कार्रवाई
पीआर पराग देसाई ने अपने आधिकारिक बयान में उन दावों का पूरी तरह से खंडन किया है जिनमें इसे अजय देवगन का घर बताया जा रहा था। देसाई ने साफ किया कि यह बंगला उनके वर्तमान घर से दूर है। उन्होंने माना कि किराये पर दी गई इस प्रॉपर्टी में कुछ अनियमितताओं का पता चला था, जिसके आधार पर ही प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
‘विमल’ विज्ञापन मामले में भी मिला नोटिस
बीएमसी की कार्रवाई के अलावा अजय देवगन एक अन्य प्रशासनिक कार्रवाई के घेरे में भी आ गए हैं। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन में नजर आने के कारण अजय देवगन, शाहरुख खान और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
‘सिंघम’ के नाम से चर्चित महाराष्ट्र FDA के प्रमुख तुकाराम मुंधे ने यह नोटिस जारी किया है। उनका कहना है कि यह विज्ञापन एक प्रतिबंधित उत्पाद के विकल्प (सरोगेट विज्ञापन) को प्रचारित कर रहा है। मामले में तीनों अभिनेताओं के साथ-साथ विज्ञापन बनाने वाली कंपनी से भी जवाब मांगा गया है, जिसके बाद विभाग आगे की रूपरेखा तय करेगा।
