‘सातवीं फेल और अपराधी…’, प्रशांत किशोर का सीएम सम्राट चौधरी पर सीधा हमला
जन सुराज के सूत्रधार और विधायक प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधा और तीखा हमला बोला है। प्रशांत किशोर का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह मुख्यमंत्री को ‘सातवीं फेल, अनपढ़ और अपराधी’ कहते नजर आ रहे हैं। यह ताजा बयान उनके उस पिछले कथित विवादित वीडियो के बाद आया है, जिसमें उन पर सीएम को गोली मारने की बात कहने का आरोप लगा था।
मीडिया के सामने पीके की दो टूक
मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान जब प्रशांत किशोर से उनके कथित ‘गोली मारने’ वाले बयान को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। पत्रकारों के कैमरे के सामने स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा, “कहे कुछ, आप बना रहे कुछ। आपके कैमरे पर कह रहा हूं कि सम्राट चौधरी सातवीं फेल हैं, अनपढ़ हैं, अपराधी हैं। इससे ज्यादा कुछ नहीं, इससे कम कुछ नहीं! जो करना है, सो कर लो!”
‘जो कहा है, उस पर कायम हूं’
अपने पुराने और नए बयानों पर सफाई देते हुए प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि जो बात उन्होंने नहीं कही है, उसे उनके मुंह में न डाला जाए। उन्होंने अपने रुख पर अडिग रहते हुए कहा कि उन्होंने जो कहा है, उस पर वह पूरी तरह से कायम हैं।
‘गोली मारने’ वाले बयान से शुरू हुआ था विवाद
इससे पहले प्रशांत किशोर का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस वीडियो में वह कथित तौर पर यह कहते सुने गए थे कि अगर किसी अपराधी को गोली मारनी है तो सम्राट चौधरी से बड़ा अपराधी कौन है। इस कथित बयान के सामने आने के बाद ही बिहार की राजनीति में विवाद गहरा गया था और सत्ता पक्ष ने पीके की भाषा शैली को लेकर कड़े सवाल खड़े किए थे।
बीजेपी का पलटवार- जन सुराज नहीं, ‘गन सुराज’
प्रशांत किशोर के इन लगातार तीखे हमलों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने पीके की भाषा की आलोचना करते हुए कहा कि वह खुद को नई सोच का राजनीतिक चेहरा बताते हैं, लेकिन उनकी भाषा बेहद आपत्तिजनक है। शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज नहीं, बल्कि ‘गन सुराज’ है।
