क्या चीन का LD-2000 हथियार पाकिस्तान को भारत के हमलों से बचा पाएगा?
National Flag of India
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय वायु सेना के सटीक हमलों ने पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम (Air Defense System) की पोल खोलकर रख दी थी। इस संघर्ष में चीन के रडार, मिसाइल और लड़ाकू विमानों पर आधारित पाकिस्तानी सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हुई।
इस नाकामी से सबक लेते हुए, अब खबर है कि पाकिस्तान अपनी संवेदनशील सैन्य चौकियों और हवाई अड्डों की सुरक्षा के लिए चीन से LD-2000 क्लोज-इन वेपन सिस्टम (CIWS) खरीदने की संभावनाएं तलाश रहा है। हालांकि, रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे चीनी हथियारों पर पाकिस्तान की लगातार निर्भरता उसके लिए रणनीतिक रूप से महंगा और जोखिम भरा सौदा साबित हो सकती है।
क्या है LD-2000 वेपन सिस्टम?
LD-2000 (जिसे लू-दुन-2000 या लैंड शील्ड 2000 भी कहा जाता है) चीन की कंपनी नॉरिन्को (Norinco) द्वारा बनाया गया एक ट्रक-माउंटेड डिफेंस सिस्टम है। यह मुख्य रूप से नौसेना में इस्तेमाल होने वाले चीनी टाइप-730 का जमीनी संस्करण है।
खूबियां:
-
इसमें 30 मिमी की सात नलियों वाली गैटलिंग गन (Gatling Gun) लगी होती है।
-
यह एक मिनट में लगभग 4,200 से 5,800 गोलियां दागने में सक्षम है।
-
इसका मुख्य काम ड्रोन, रॉकेट और कम ऊंचाई पर उड़ने वाली क्रूज मिसाइलों को नष्ट कर टारगेट को ‘आखिरी सुरक्षा कवच’ (Last Line of Defense) देना है।
-
यह मैक-2 (Mach-2) की गति से उड़ने वाले लक्ष्यों को निशाना बना सकता है।
LD-2000 की क्या हैं सीमाएं?
भले ही यह सिस्टम कागजों पर घातक लगता हो, लेकिन युद्ध की वास्तविक परिस्थितियों में इसकी कई गंभीर सीमाएं हैं:
-
सीमित दायरा: यह केवल 1 से 1.5 किलोमीटर (अधिकतम 3.5 किमी) के छोटे दायरे में ही प्रभावी है। यह किसी विशेष हवाई अड्डे या रडार सेंटर को तो बचा सकता है, लेकिन पूरे इलाके को सुरक्षा (व्यापक वायु रक्षा कवच) नहीं दे सकता।
-
गोला-बारूद की कमी: इसकी दो मैगजीन में केवल 1,000 ‘रेडी राउंड’ रखे जा सकते हैं, जिसका मतलब है कि यह सिर्फ 40 से 50 बार रुक-रुक कर गोलियां दाग सकता है। ड्रोन के झुंड (Swarm Drones) के हमले में इसका बारूद चंद सेकंड में खत्म हो सकता है।
-
गर्म होने की समस्या: लगातार तेज गति से गोलियां चलाने पर तोप गर्म हो जाती है और नलियां घिसने लगती हैं।
-
रिएक्शन टाइम: इस सिस्टम को तैनात करने में 4 से 10 सेकंड का समय लगता है, जो आधुनिक युद्ध (जहां मिसाइलें पलक झपकते हमला करती हैं) के लिहाज से बहुत ज्यादा है।
चीनी हथियारों की विश्वसनीयता पर क्यों उठ रहे सवाल?
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने चीनी निर्मित HQ-9 लंबी दूरी का मिसाइल सिस्टम, LY-80 मध्यम दूरी का एयर डिफेंस, J-10CE व JF-17 लड़ाकू विमान और PL-15 हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें तैनात की थीं। इसके बावजूद भारतीय सेना पाकिस्तान के नूर खान एयर बेस समेत कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाने में कामयाब रही। भारतीय सेना को पीएल-15 (PL-15) मिसाइल का मलबा मिलने से चीन के हथियारों की अचूक होने की छवि चकनाचूर हो गई थी।
जानकारों का कहना है कि चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फोर्स (PLAAF) ने दशकों से कोई बड़ा पारंपरिक हवाई युद्ध नहीं लड़ा है। ऐसे में जो युद्ध का अनुभव खुद चीन के पास नहीं है, वह पाकिस्तान को कैसे सिखा सकता है?
भारत के हथियार दुनिया में छोड़ रहे छाप
एक तरफ जहां पाकिस्तानी सेना चीनी हथियारों से जूझ रही है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय सैन्य प्रणालियों (Military Systems) का लोहा पूरी दुनिया मान रही है। DRDO द्वारा तैयार हथियारों ने वास्तविक परिस्थितियों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसी का परिणाम है कि आज फिलीपींस भारत से ब्रह्मोस क्रूज मिसाइलें (BrahMos) ले रहा है, जबकि आर्मेनिया ने भारतीय पिनाका रॉकेट प्रणाली (Pinaka) और ATAGS होवित्जर तोपें खरीदी हैं।
पाकिस्तान के लिए LD-2000 की खरीद शायद कुछ ठिकानों को अस्थायी सुरक्षा दे दे, लेकिन जब तक उसके कमांड नेटवर्क, रडार और सेंसर के बीच सही तालमेल नहीं होगा, तब तक कोई भी एक हथियार पाकिस्तान के ढहते डिफेंस सिस्टम को भारत के अचूक हमलों से नहीं बचा सकता।
