‘जवाबदेही मांगना अपराध नहीं…’: हुमा कुरैशी ने किया प्रदर्शनकारियों का सपोर्ट, सरकार से किए सवाल

huma

बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी (Huma Qureshi) ने दिल्ली और मुंबई में हो रहे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों (Protests) का खुला समर्थन किया है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कई लोगों को हिरासत में लिए जाने पर हुमा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

हुमा के इस बेबाक बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई है। जहां एक तरफ लोग उनका समर्थन कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्हें और उनके एक्टर भाई साकिब सलीम (Saqib Saleem) को भारी ट्रोलिंग और नफरत भरे मैसेजेस का सामना करना पड़ रहा है।

हुमा कुरैशी का इंस्टाग्राम पोस्ट: ‘मैं किसी पार्टी के सपोर्ट में नहीं’

हुमा कुरैशी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए स्पष्ट किया कि वह किसी राजनीतिक पार्टी का नहीं, बल्कि अपने हक के लिए लड़ रहे आम लोगों का समर्थन कर रही हैं।

एक्ट्रेस ने अपनी पोस्ट में लिखा, “भारत एक लोकतांत्रिक देश है और यहां शांतिपूर्वक तरीके से विरोध करना और सरकार से जवाबदेही (Accountability) की मांग करना कोई अपराध नहीं है। लोकतंत्र में लोगों को बिना किसी डर के अपनी बात रखने का मौका मिलना ही चाहिए।” उन्होंने आगे लिखा, “मैं किसी राजनीतिक पार्टी को सपोर्ट नहीं कर रही हूं बल्कि उन लोगों के सपोर्ट में खड़ी हूं जो अपने अधिकार के लिए सरकार से जवाबदेही कर रहे हैं।”

‘देश से प्यार है, ट्रोलिंग या काम छिनने का डर नहीं’

हुमा ने यह भी माना कि उनके इस स्टैंड से उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ेगा और उनके करियर पर भी इसका असर हो सकता है।

उन्होंने लिखा, “मुझे मेरे देश से प्यार है और मैं इन मुद्दों पर चुप्पी नहीं साध सकती हूं। इसके लिए मुझे पता है कि लोग मुझे ट्रोल करेंगे और मेरे काम पर भी असर पड़ सकता है, लेकिन इन सबसे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है। हमें देश के मुद्दों पर साथ खड़ा होना और बेहतर करना होगा। जय हिंद।”

भाई साकिब सलीम को मिलीं गालियां, कहा गया ‘आतंकवादी’

हुमा कुरैशी के साथ-साथ उनके एक्टर भाई साकिब सलीम ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी थी, जिसके बाद उन्हें ऑनलाइन नफरत (Online hate) का शिकार होना पड़ा।

साकिब ने इंस्टाग्राम पर उन्हें भेजे जा रहे डायरेक्ट मैसेजेस (DM) के स्क्रीनशॉट्स साझा किए। इन मैसेजेस में कई लोग उन्हें गालियां दे रहे हैं, उनके परिवार के लिए अपशब्द कह रहे हैं और यहां तक कि उन्हें ‘आतंकवादी’ भी बता रहे हैं। हालांकि, साकिब सलीम ने इन हेटर्स को ‘बॉट’ (Bot) बताकर नजरअंदाज कर दिया।