दिल्ली के सीमापुरी में 3 मंजिला इमारत ढही, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

delhi

राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां एक तीन मंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस हादसे में इमारत के मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। मलबे को हटाने और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

तेज आवाज के साथ जमींदोज हुआ मकान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक एक जोरदार आवाज हुई और देखते ही देखते यह तीन मंजिला मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया। इमारत गिरने के साथ ही आसपास धूल का भारी गुबार छा गया और इलाके में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस व अन्य एजेंसियों को हादसे की सूचना दी।

इलाके की गलियां संकरी होने के कारण शुरुआती दौर में राहत और बचाव टीमों को मौके तक पहुंचने और ऑपरेशन शुरू करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मलबे में दबे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने के लिए अब मौके पर भारी मशीनरी और जनरेटर की व्यवस्था की जा रही है।

सीमापुरी-भोपुरा रूट पर ट्रैफिक जाम, पुलिस की एडवाइजरी

हादसे और मौके पर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के कारण सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा और इनसे जुड़े आसपास के सभी मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है। सड़क पर भारी जाम की स्थिति को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता के लिए अलर्ट जारी किया है।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे फिलहाल इस रूट पर जाने से बचें और अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई बाधा न पहुंचे।

एंबुलेंस और राहत वाहनों के लिए रास्ता खाली छोड़ने की अपील

प्रशासन ने स्थानीय लोगों और राहगीरों को सख्त हिदायत दी है कि हादसे वाली जगह के आसपास गाड़ियां न रोकें और न ही अवैध रूप से पार्किंग करें। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से कहा है कि तमाशबीन बनकर भीड़ न जुटाएं और खाली लेन छोड़ें, जिससे एंबुलेंस और राहत दल की गाड़ियां तेजी से घटनास्थल तक पहुंच सकें। इमरजेंसी सेवाओं को बिना रुकावट काम करने देने के लिए मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है।