प्रेमानंद महाराज: 5 Cr वाले दावे पर पहली बार विराट कोहली का रिएक्शन, जानें पूरी बात

premanand maharaj

प्रेमानंद महाराज को लेकर पहली बार क्रिकेटर विराट कोहली की तरफ से रिएक्शन आया है। उनकी टीम ने फलाहारी बाबा के उस दावे को सिरे से नकार दिया है। जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें पांच करोड़ रुपये में प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए बुलाया गया था। कोहली के प्रवक्ता ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इसे झूठा और बेबुनियाद करार दिया है। उनका कहना है कि विराट अपनी आस्था और श्रद्धा की वजह से प्रेमानंद महाराज से मिलने जाते हैं।

यह दावा श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा को पांच करोड़ रुपये में बुलाकर प्रेमानंद महाराज को प्रसिद्ध करने की कोशिश की गई। विराट और अनुष्का लंबे समय से प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए आते रहे हैं।

प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोदी की मौत के बाद केलीकुंज आश्रम को लेकर चर्चा चल रही है। इसी बीच फलाहारी महाराज ने ये आरोप लगाए थे।

राजस्थान की कंपनी को लेकर क्या कहा

फलाहारी महाराज का दावा था कि राजस्थान की एक कंपनी विराट कोहली को पांच करोड़ रुपये में प्रेमानंद महाराज के दर्शन कराने के लिए लेकर आई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब उस कंपनी के लोग संत बनकर आश्रम में घुस गए हैं और प्रॉपर्टी का काम कर रहे हैं।

इन दावों पर कोहली के प्रवक्ता ने कहा, “हम साफ तौर पर कहना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने विराट कोहली के बारे में जो दावे किए हैं, वे पूरी तरह से झूठे, बेबुनियाद और तथ्यों के लिहाज से गलत हैं. विराट कोहली, प्रेमानंद महाराज के प्रति अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण ही उनसे मिलने जाते हैं.”

टीम ने मीडिया से भी सावधानी बरतने की अपील की है। प्रवक्ता ने कहा कि ऐसी बातों को रिपोर्ट करने या आगे बढ़ाने से पहले तथ्यों की जांच की जाए और जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग की जाए।