उपचुनाव 2026 में गरमाई सियासत: नंदीग्राम में CM शुभेंदु अधिकारी ने डाला वोट, बंगाल में MLA हुमायूं कबीर हिरासत में; कई राज्यों में मतदान जारी
देश के कई राज्यों में विधानसभा और लोकसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह से मतदान जारी है। पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान सियासी पारा चढ़ गया है। नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं दूसरी तरफ, मुर्शिदाबाद में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेजीनगर थाने के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
नंदीग्राम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया मतदान
नंदीग्राम विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सुबह नंदनायकबार प्राइमरी स्कूल स्थित पोलिंग बूथ पर पहुंचकर वोट डाला। मतदान के बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच वे रवाना हुए। इस सीट पर उपचुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
हुमायूं कबीर हिरासत में, रेजीनगर थाने पर कांग्रेस का प्रदर्शन
मुर्शिदाबाद जिले में उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई जब पुलिस ने आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को उनके पार्टी कार्यालय से हिरासत में ले लिया। बेलडांगा के एसडीपीओ (SDPO) आनंदजीत होरे ने बताया कि हुमायूं कबीर को कानून का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की तैनाती की गई है।
कबीर की गिरफ्तारी के बाद रेजीनगर पुलिस स्टेशन के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदान में धांधली का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बोले- दंगे भड़काने वालों पर एक्शन पुलिस का काम
हुमायूं कबीर की गिरफ्तारी पर पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य का बयान सामने आया है। भट्टाचार्य ने कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा, “पुलिस ने तय किया कि जो लोग बांटने वाली राजनीति कर रहे हैं, हिंदुओं और मुसलमानों के बीच दरार पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं और लोगों को दंगे के लिए उकसा रहे हैं, उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए—भले ही वह चुनाव का दिन हो। यह पुलिस का काम है।”
असम: नगांव लोकसभा उपचुनाव में शुरुआती 2 घंटे में 17% वोटिंग
असम की नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सुबह से मतदाताओं में उत्साह देखा गया। एक चुनाव अधिकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह 9 बजे तक नगांव के कुल 19.05 लाख पंजीकृत मतदाताओं में से 17 प्रतिशत से अधिक लोग वोट डाल चुके थे।
असम के भाजपा विधायक रमाकांत देउरी ने भी नगांव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यह लोकसभा सीट कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के राज्य विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के कारण खाली हुई थी।
तमिलनाडु: मदुरांतकम और धारापुरम में वोटिंग जारी
तमिलनाडु की अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित दो विधानसभा सीटों पर सुबह से मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। सुबह 9 बजे तक मदुरांतकम में 15.99 प्रतिशत और धारापुरम में 17.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इन दोनों सीटों पर मुख्य मुकाबला डीएमके (DMK) और एआईएडीएमके (AIADMK) के बीच है। धारापुरम सीट पर DMK उम्मीदवार सुगन्या ने थलावाइपट्टिनम पोलिंग स्टेशन पर अपना वोट डाला। वहीं, टीवीके (TVK) उम्मीदवार पी. सत्यभामा ने भी मतदान किया। यह उपचुनाव AIADMK के तत्कालीन विधायकों के. मरगथम कुमारवेल और पी. सत्यभामा द्वारा इस्तीफा देकर सत्ताधारी दल में शामिल होने की वजह से कराया जा रहा है।
