हरमनप्रीत कौर का बड़ा ऐलान: तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ी, इमोशनल पोस्ट में कहा- ‘कभी-कभी भारी कीमत भी चुकानी पड़ी’
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को क्रिकेट जगत को हैरान कर देने वाला फैसला लिया। हरमनप्रीत ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। सोशल मीडिया पर एक लंबा और भावुक पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने अपने इस मुश्किल फैसले की जानकारी फैंस के साथ साझा की।
‘मेरा हर फैसला टीम को बेहतर बनाने के लिए था’
हरमनप्रीत ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “आज मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी फॉर्मेट्स की कप्तानी छोड़ रही हूं। यह फैसला आसान नहीं है। इसमें बरसों की यादें, इमोशंस, सैक्रिफाइज (त्याग) और ऐसे पल शामिल हैं, जो जिंदगी भर मेरे साथ रहेंगे। मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए अपना खून-पसीना, अपना समय और कई बार निजी महत्वाकांक्षाओं को भी कुर्बान किया है।”
कप्तानी के दौरान लिए गए कड़े फैसलों का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा, “एक कप्तान के तौर पर मुझे कई मुश्किल फैसले लेने पड़े। ऐसे फैसले जिन्हें हमेशा समझा नहीं गया, जो हमेशा आसान नहीं थे और कभी-कभी जिनकी निजी कीमत भी चुकानी पड़ी। लेकिन मेरा हर फैसला एक ही मकसद से लिया गया था—इस टीम को बेहतर बनाना और खिलाड़ियों को खुद पर भरोसा करना सिखाना।”
‘अब मैं फिर से अपने खेल के लिए खेलूंगी’
हरमनप्रीत ने अपने पोस्ट में कहा कि वह शांति के साथ कप्तानी छोड़ रही हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि टीम अब सही स्थिति में है। उन्होंने अपने सफर को याद करते हुए लिखा, “मैंने सबसे बुरे पल, दिल टूटने का दर्द, आलोचना और सबसे शानदार पल, जीत और जश्न भी देखे हैं। मुझे लगता है कि मैंने अपना फर्ज निभाया है। कप्तानी आज भले ही खत्म हो जाए, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए मेरा प्यार कभी खत्म नहीं होगा। अब मैं फिर से खेल के प्रति अपने प्यार के लिए खेलने को तैयार हूं। कप्तानी का दौर खत्म हुआ, सफर जारी है।”
उन्होंने बीसीसीआई (BCCI), टीममेट्स, कोच, सपोर्ट स्टाफ और फैंस का भी शुक्रिया अदा किया।
गुवाहाटी रिव्यू मीटिंग के बाद लिया फैसला
हरमनप्रीत का यह ऐलान हाल ही में गुवाहाटी में हुई भारतीय महिला क्रिकेट टीम की एक अहम ‘रिव्यू मीटिंग’ के बाद आया है। बीसीसीआई के संयुक्त सचिव देवजीत सैकिया की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में हरमनप्रीत कौर के अलावा स्मृति मंधाना और हेड कोच अमोल मजूमदार भी शामिल थे। इस मीटिंग के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि हरमनप्रीत कप्तानी छोड़ सकती हैं, जिस पर उन्होंने मंगलवार को खुद मुहर लगा दी।
अब कौन बनेगा कप्तान?
हरमनप्रीत कौर को 2016 में पहली बार कप्तानी सौंपी गई थी। बाद में 2022 में मिताली राज के संन्यास के बाद उन्होंने तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी-20) में टीम की कमान संभाली। अब उनके इस बड़े फैसले के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि भारतीय टीम का अगला कप्तान कौन होगा?
क्रिकेट जानकारों के मुताबिक, लंबे समय से टीम की उप-कप्तान की भूमिका निभा रहीं स्टार ओपनर स्मृति मंधाना कप्तानी की सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं और बीसीसीआई जल्द ही उन्हें टीम की कमान सौंप सकती है।
