September 20, 2026

राहुल गांधी के मंच पर पीएम मोदी की मिमिक्री, भड़की BJP; रिजिजू बोले- ‘कांग्रेस जोकरों की पार्टी’

rahul-gandhi-4

कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर शेयर किए गए एक वीडियो ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक मिमिक्री आर्टिस्ट ने राहुल गांधी के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री की। वीडियो में राहुल गांधी इस मिमिक्री को एंजॉय करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर चौतरफा हमला बोल दिया है।

किरेन रिजिजू बोले- कांग्रेस जोकरों की पार्टी बन गई

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस के इस वीडियो को री-पोस्ट करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “कांग्रेस पार्टी कॉमेडियन और जोकरों की पार्टी बन गई है। इसी के चलते वे हमेशा के लिए (सत्ता से) बाहर हो गए हैं।” इसके साथ ही उन्होंने अपनी पोस्ट में ‘RIP’ भी लिखा।

स्मृति ईरानी का तंज- ‘जब नाश मनुज पर छाता है…’

पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने भी इस घटना को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने रामधारी सिंह दिनकर की प्रसिद्ध कविता की पंक्ति लिखते हुए कांग्रेस को घेरा— “जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।”

वहीं, बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी को विपक्ष का नेता मानने से इनकार करते हुए उन्हें “ट्रोल्स का नेता” करार दिया।

‘बुजुर्ग मां का उड़ाया गया मजाक’

वीडियो में मिमिक्री आर्टिस्ट पुलकित मनी ने पीएम मोदी की मिमिक्री करते हुए एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मांगे जाने का कथित तौर पर मजाक उड़ाया था। इसे लेकर बीजेपी नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है।

  • अर्जुन राम मेघवाल: केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इसे सीधे तौर पर बुजुर्ग मां का अपमान बताया। उन्होंने लिखा, “एक तरफ सम्मान और अपनापन है, और दूसरी तरफ बुज़ुर्ग मां का मजाक।”

  • प्रल्हाद जोशी: केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के मंच पर प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां का अपमान किया गया है।

छात्रों के कार्यक्रम में मिमिक्री करना गलत: मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस घटनाक्रम पर राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी अक्सर ऐसा ही करते हैं। अगर वह छात्रों का आयोजन था, तो उन्हें छात्रों से बात करनी चाहिए थी। उनके सवालों के जवाब देने चाहिए थे। लेकिन मंच पर इस तरह पीएम मोदी की मिमिक्री करवाना और एक बुजुर्ग महिला का अपमान किया जाना पूरी तरह से गलत है।”