September 20, 2026

फंगस, चूहे और एक्सपायर्ड खाना… UP में 233 रेस्टोरेंट पर FDA का बड़ा एक्शन; नोएडा-लखनऊ के कई नामी आउटलेट्स के लाइसेंस रद्द

89620f46-5e94-4f58-ae81-45c964d0a5f5

उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (FDA) ने लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे फास्ट फूड कार्ट, स्टॉल और रेस्टोरेंट के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। प्रदेश भर में 152 टीमों ने 233 फूड आउटलेट्स पर छापेमारी की। इस दौरान रसोइयों में फंगस, चूहे, भारी गंदगी और एक्सपायर्ड नॉनवेज जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

FDA ने 163 आउटलेट्स को सुधार के लिए नोटिस जारी किया है, जबकि भारी गड़बड़ी वाले नामी आउटलेट्स को मौके पर ही बंद करवाकर उनके लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई मुख्य रूप से नोएडा, लखनऊ और गोरखपुर में की गई है।

लखनऊ: Bikanervala और Subway जैसे नामी आउटलेट्स सील

लखनऊ में 52 टीमों ने 78 फूड कोर्ट और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों की जांच की, जिनमें 42 को नोटिस थमाया गया है। कई नामी ब्रांड्स में भयंकर गंदगी मिलने पर उन्हें तुरंत बंद करवा दिया गया:

  • Bikanervala (फन मॉल): खाद्य पदार्थों में फंगस, रसोइयों में चूहे (रोडेंट), दुर्गंध, ग्रेवी में कॉन्टेमिनेशन और जलभराव जैसी गंभीर कमियां मिलने पर प्रतिष्ठान को बंद करवाकर लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया।

  • Subway (शालीमार गेटवे, आलमबाग): ड्रेनेज सिस्टम खराब मिला और रसोई में चूहे व खाने में मिलावट (कंटैमिनेशन) की स्थिति मिलने पर इसे बंद करा दिया गया।

  • गोली वड़ा पाव (आर्क बलेनो): चूहों की मौजूदगी, दीवारों व खाने में फंगस और अस्वच्छ परिस्थितियों के कारण इसे बंद करने की संस्तुति की गई है।

नोएडा: 13 बड़े रेस्टोरेंट का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू

नोएडा में FDA की 57 टीमों ने 71 आउटलेट्स की जांच की और 42 को नोटिस जारी किए। इनमें से 13 प्रतिष्ठानों का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यहां रसोई में जूठे बर्तन, कीड़े-मकोड़े, एक्सपायर्ड स्टॉक मिला और कच्चे व पके हुए भोजन को एक साथ रखा जा रहा था। जिन आउटलेट्स पर एक्शन हुआ है, उनमें प्रमुख हैं:

  • मोती महल डिलक्स (Moti Mahal Delux)

  • एब्सोल्यूट बारबेक्यूज (Absolute Barbecues)

  • द येलो चिली (The Yellow Chilli)

  • कैसल बारबेक्यू (Castle Barbeque)

  • मिनिस्ट्री ऑफ दारू (Ministry of Daru)

  • निहाऊ, पंजाबी ढाबा-61, रोड हाउस, पैडी हॉस्पिटैलिटी/रोलिंग फ्रेश, टेस्ट ऑफ दिल्ली एवं जायका, ईट क्लब और कार्निवल फूड डिलाइट।

गोरखपुर: 84 प्रतिष्ठानों की जांच, 79 को नोटिस

गोरखपुर में 43 टीमों ने 84 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की और 79 को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। FDA ने स्पष्ट किया है कि जिन आउटलेट्स को नोटिस मिला है, यदि वे तय समय में अपनी कमियां दूर नहीं करते हैं, तो उनका लाइसेंस भी निलंबित या निरस्त कर दिया जाएगा।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी कारोबारियों को साफ-सफाई, वैध लाइसेंस, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल और सुरक्षित भंडारण के सख्त निर्देश दिए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।