September 18, 2026

2 करोड़ के बीमे के लालच में बाप ने ही करा दी बेटे की हत्या, अब गैंगस्टर एक्ट में फंसे पांचों आरोपी

Moradabad News

Moradabad News: मुरादाबाद। यूपी के मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां 2 करोड़ रुपये का बीमा एक जवान बेटे के लिए मौत की वजह बन गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस हत्या का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि खुद बेटे का पिता निकला। पैसों के लालच में पिता ने सुपारी देकर अपने ही बेटे की हत्या करवा दी। यह वारदात करीब नौ महीने पहले हुई थी, और अब पुलिस ने इस मामले में बहजोई निवासी आरोपी बाबूराम शर्मा, वकील आदेश कुमार समेत कुल पांच लोगों पर गैंगस्टर एक्ट लगा दिया है। कुन्दरकी थाने के SO ने इन सभी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

कौन-कौन हैं इस गैंग में शामिल?
SP देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि संभल के बहजोई थाना क्षेत्र के छाबड़ा गांव निवासी बाबूराम शर्मा इस पूरे गैंग का सरगना है। उसके साथ मझोला के वासुदेव कॉलोनी में रहने वाला वकील आदेश कुमार, रामपुर के नटिया खेड़ा गांव का असलम उर्फ सुल्तान, तहब्बुर मेवाती और रुस्तमनगर निवासी साजिद मेवाती भी इस मामले में आरोपी बनाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक ये पांचों मिलकर एक गिरोह चलाते हैं, जो पैसों के लालच में हत्या जैसे संगीन अपराध करने से भी नहीं हिचकिचाता।

साढ़े तीन लाख की सुपारी देकर कराई हत्या
जांच में सामने आया कि आरोपी बाबूराम शर्मा ने वकील आदेश कुमार के साथ मिलकर अपने ही बेटे अनिकेत (30) का 2 करोड़ 10 लाख रुपये का बीमा करवाया था। इसके बाद बीमे की मोटी रकम हड़पने के लिए उसने असलम उर्फ सुल्तान को साढ़े तीन लाख रुपये की सुपारी दी और अपने बेटे की हत्या करवा दी। हत्या के बाद इसे एक हादसे जैसा दिखाने की कोशिश की गई थी। फिलहाल सभी आरोपी हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर हैं, लेकिन अब पुलिस गैंगस्टर एक्ट के तहत इनकी गिरफ्तारी की तैयारी में जुट गई है।

ऐसे किया था साजिश का पर्दाफाश
मामला 16 नवंबर 2025 का है, जब कुन्दरकी थाना क्षेत्र के जैतपुर के पास एक खेत में अनिकेत शर्मा का खून से सना शव बरामद हुआ था। शुरुआत में परिवार वालों ने इसे हादसा बताया, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की तो पूरा मामला हत्या का निकला। इसके बाद 4 दिसंबर 2025 को पुलिस ने अनिकेत के पिता बाबूराम शर्मा समेत सुपारी किलर साजिद, असलम उर्फ सुल्तान और तहब्बुर मेवाती को गिरफ्तार करके इस साजिश का पर्दाफाश किया था।

कैसे रची गई थी पूरी साजिश?
पुलिस जांच के मुताबिक, यह पूरी योजना काफी पहले से बनाई गई थी। 2 जनवरी 2024 को बाबूराम शर्मा और वकील आदेश कुमार ने अनिकेत का बहजोई के एक HDFC बैंक में खाता खुलवाया था। इसके कुछ ही दिनों बाद अनिकेत के नाम से टाटा कंपनी से 2 करोड़ 10 लाख रुपये की बीमा पॉलिसी करा ली गई। इसी दौरान मार्च 2024 में बाबूराम शर्मा एक डकैती के मामले में जेल चला गया, तो उस दौरान वकील आदेश कुमार ही बीमे की किश्तें भरता रहा।

जेल से बाहर आते ही रची हत्या की साजिश
जब बाबूराम जमानत पर जेल से बाहर आया, तो वह पैसों की तंगी से बुरी तरह जूझ रहा था। यहीं से उसके दिमाग में अपने ही बेटे को रास्ते से हटाकर बीमे का पैसा हड़पने का शैतानी प्लान आया। उसने आदेश कुमार के साथ मिलकर रामपुर के असलम उर्फ सुल्तान को साढ़े तीन लाख रुपये की सुपारी दी। इसके बाद असलम अपने साथियों तहब्बुर मेवाती और साजिद को लेकर बहजोई पहुंचा, वहां से अनिकेत को अगवा किया और कुन्दरकी ले आया। यहां रॉड से सिर पर वार करके उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को घसीटकर खेत में फेंक दिया गया और उसकी गाड़ी भी तोड़-फोड़ कर वहीं छोड़ दी गई, ताकि यह घटना महज एक सड़क हादसा लगे।