PM Modi Birthday: पीएम मोदी का 76वां जन्मदिन, देश-विदेश से उमड़ीं बधाइयां, वाराणसी से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
pm modi birthday
PM Modi Birthday: आज यानी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना जन्मदिन मना रहे हैं और सुबह से ही उन्हें देश-विदेश से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। इस खास मौके पर भारत के अलग-अलग शहरों में कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। BJP और केंद्र सरकार के मंत्रियों ने पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को याद करते हुए लोगों से दीया जलाकर उन्हें शुभकामनाएं देने की अपील की है। इसी कड़ी में पार्टी आज से 17 अक्टूबर तक ‘संकल्प सेवा अभियान’ की भी शुरुआत करने जा रही है।
अमित शाह ने क्या कहा?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, त्याग और दूरदर्शिता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अपने पूरे जीवन को राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित कर दिया है और उनकी यह यात्रा करोड़ों भारतीयों को प्रेरणा देती है। शाह ने ईश्वर से पीएम मोदी के स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना करते हुए 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की उम्मीद जताई।
राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी की तारीफ में क्या लिखा?
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है – चाहे वह इंफ्रास्ट्रक्चर हो, डिजिटल कनेक्टिविटी हो या फिर गरीब कल्याण की योजनाएं। उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रशासन को पहले से ज्यादा पारदर्शी और नागरिकों के प्रति जवाबदेह बनाया है, जिससे आम लोगों का जीवन आसान हुआ है। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को भी दुनिया भर में नई पहचान मिली है।
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का संदेश
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी पीएम मोदी को बधाई देते हुए लिखा कि उनकी यह यात्रा सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे देश के सामूहिक सपने की यात्रा रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार नए कदम बढ़ा रहा है और वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।
सीएम योगी ने किया बड़ा ऐलान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए बताया कि उनके 25 साल के सार्वजनिक जीवन ने आम लोगों की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाने का काम किया है। योगी ने जानकारी दी कि पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर वाराणसी से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी। इसके अलावा भगवान विश्वकर्मा की जयंती के मौके पर लखनऊ में ‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0’ के तहत स्वरोजगार मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें लाभार्थियों को चेक और टूलकिट बांटे जाएंगे।
सीएम धामी ने दी बधाई
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने आत्मविश्वास, नवाचार और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छुई हैं। धामी ने बाबा केदार से पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।
विपक्ष की तरफ से भी आई बधाई
राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ व सक्रिय जीवन की कामना की।
सोशल मीडिया पर छाया जन्मदिन
सिर्फ नेता ही नहीं, बल्कि आम जनता भी सोशल मीडिया पर पीएम मोदी को बधाई देने में पीछे नहीं है। आज सुबह से ही ट्विटर यानी X पर #HappyBdayPMModi हैशटैग टॉप ट्रेंड में बना हुआ है।
