प्रेमी संग फरार हुई पत्नी, PRD जवान पति ने बड़ा दिल दिखाते हुए मंदिर में करा दी दोनों की शादी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक फिल्मी कहानी जैसा मामला सामने आया है। यहां एक पीआरडी (PRD) जवान की पत्नी शादी के महज एक साल बाद अपने पुराने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पुलिस द्वारा बरामद किए जाने के बाद जब महिला ने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पकड़ी, तो पति ने बिना किसी विवाद के दोनों की शादी करा दी और पत्नी को खुशी-खुशी विदा कर दिया।
स्कूल के दिनों का था प्यार
मलिहाबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले एक पीआरडी जवान की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन महिला का अपने स्कूल के समय के प्रेमी से संपर्क बना हुआ था। परिवार के दबाव में महिला की शादी पीआरडी जवान से कर दी गई थी, लेकिन वह अपने पुराने प्यार को नहीं भुला पाई थी। प्रेमी और महिला दोनों मूल रूप से माल थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हरदोई में मिली लोकेशन, थाने में चली पंचायत
चार दिन पहले महिला बिना किसी को बताए ससुराल से अचानक गायब हो गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो मलिहाबाद कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने जांच शुरू की और सर्विलांस की मदद से महिला की लोकेशन हरदोई जिले में ट्रेस कर ली। मलिहाबाद पुलिस की टीम हरदोई पहुंची और महिला को उसके प्रेमी के साथ सकुशल बरामद कर थाने ले आई।
मंदिर में लिए सात फेरे, पति ने दी विदाई
थाने में दोनों परिवारों की मौजूदगी में काफी देर तक पंचायत चली। पुलिस और परिजनों ने महिला को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसने पति के साथ वापस जाने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि वह जिएगी तो सिर्फ प्रेमी के साथ।
स्थिति को देखते हुए पीआरडी जवान ने भी जबरन पत्नी को साथ रखने से मना कर दिया। उसने अपनी पत्नी की इच्छा को प्राथमिकता देते हुए उसे प्रेमी के साथ जाने की इजाजत दे दी। इसके बाद आपसी सहमति से दोनों पक्षों ने अलग होने का फैसला किया। पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में एक स्थानीय मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से महिला और उसके प्रेमी की शादी करा दी गई। सात फेरे होने के बाद पीआरडी जवान ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया। इलाके में पीआरडी जवान के इस कदम की काफी चर्चा हो रही है।
