मलेशिया के PM अनवर इब्राहिम ने राहुल-प्रियंका गांधी संग किया ब्रेकफास्ट
राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने आए मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम कूटनीतिक मोर्चे पर खासे सक्रिय नजर आ रहे हैं। इस दौरे पर उन्होंने न सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, बल्कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ भी एक खास ब्रेकफास्ट मीटिंग की। इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें सभी नेता खुशनुमा माहौल में बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
राहुल गांधी को बताया ‘पारिवारिक मित्र’
मलेशिया, ब्रिक्स के विस्तार के बाद इस समूह में पार्टनर देश के तौर पर शामिल हुआ है। अनवर इब्राहिम की राहुल गांधी से यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। इससे पहले साल 2024 में भी अपनी भारत यात्रा के दौरान उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। हालिया मुलाकात के बाद एक न्यूज चैनल से बातचीत में मलेशियाई पीएम ने कहा कि राहुल उनके ‘पारिवारिक मित्र’ हैं और यह एक बेहद अच्छी मुलाकात रही। उन्होंने जोर देकर कहा कि कूटनीति में हमेशा सभी पक्षों से बातचीत करने और संपर्क में रहने की जरूरत होती है।
पीएम मोदी संग हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक
विपक्षी नेताओं से मुलाकात के साथ-साथ पीएम अनवर इब्राहिम ने हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक भी की। विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, इस बैठक में दोनों नेताओं ने रक्षा, व्यापार, डिजिटल टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर जैसे अहम रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा की।
कोटा किनाबालु में खुलेगा भारतीय वाणिज्य दूतावास
पीएम मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में साझेदार देश के तौर पर मलेशिया की भागीदारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक के दौरान फरवरी 2026 में पीएम मोदी की मलेशिया यात्रा के नतीजों की समीक्षा की गई। साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर, फिनटेक, शिक्षा और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। इस बातचीत का एक बड़ा कूटनीतिक नतीजा यह रहा कि मलेशिया ने सबाह प्रांत के कोटा किनाबालु में भारत का वाणिज्य दूतावास (Consulate) खोलने पर अपनी सैद्धांतिक सहमति जता दी है।
अपने इस अहम भारत दौरे के अंतिम चरण में मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात करने के लिए केरल का दौरा भी करेंगे।
