ब्रिक्स समिट के गाला डिनर से जिनपिंग और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस रहे नदारद, पुतिन सहित कई दिग्गज हुए शामिल
नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदस्य और सहयोगी देशों के राष्ट्राध्यक्षों के लिए एक भव्य रात्रिभोज (गाला डिनर) का आयोजन किया। 12 सितंबर की रात आयोजित इस हाई-प्रोफाइल डिनर से चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अबू धाबी (UAE) के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।
डिनर से क्यों नदारद रहे जिनपिंग और क्राउन प्रिंस?
दोनों शीर्ष नेताओं के रात्रिभोज में शामिल न होने की कोई आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 सितंबर की दोपहर भारत पहुंचे थे और शाम को उन्होंने शिखर सम्मेलन के सत्र में हिस्सा लिया। रात में प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी अहम द्विपक्षीय बैठक भी हुई। बताया जा रहा है कि दिनभर के व्यस्त कार्यक्रम और बैठकों के बाद वे आराम करने के लिए सीधे अपने होटल लौट गए। दूसरी ओर, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शिखर सम्मेलन के पहले दिन का अपना तय शेड्यूल पूरा करने के बाद स्वदेश रवाना हो गए थे।
पुतिन समेत कई दिग्गज नेताओं ने की शिरकत
जिनपिंग और क्राउन प्रिंस की अनुपस्थिति के बावजूद, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत अन्य ब्रिक्स और पार्टनर देशों के प्रमुखों ने इस डिनर में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता वाले इस आयोजन में भारतीय पक्ष से भी भारी कूटनीतिक और राजनीतिक उपस्थिति रही। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव और शिवराज सिंह चौहान ने डिनर में शिरकत की। राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा भी मौजूद रहे।
विदेशी मेहमानों के लिए खास भारतीय मेन्यू
विदेशी मेहमानों के सत्कार के लिए तैयार किए गए इस विशेष मेन्यू में भारतीय खानपान की विविधता पर खासा जोर दिया गया। डिनर में मेहमानों को स्टार्टर से लेकर मेन कोर्स तक कई पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। इनमें खांडवी मिलेफुई, खुंब गलौटी, पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, कैरट-बीन पोरियल और मिलेट पुलाव शामिल था। वहीं, मीठे में फ्रूट क्रीम, जलेबी और शहतूत फिरनी परोसी गई।
