शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद का WHO से इस्तीफा, वित्तीय गड़बड़ी का आरोप
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की रीजनल डायरेक्टर (Regional Director) के पद से इस्तीफा दे दिया है। वाजेद का यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब उनके खिलाफ WHO और बांग्लादेश की भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी द्वारा वित्तीय अनियमितताओं (Financial Irregularities) और अन्य गंभीर आरोपों की जांच चल रही थी। हालांकि, वाजेद ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
5 साल का था कार्यकाल, एक साल से थीं छुट्टी पर
साइमा वाजेद ने 1 फरवरी 2024 को WHO के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय निदेशक का पद संभाला था। उनका कार्यकाल 5 साल यानी जनवरी 2029 तक के लिए तय था। हालांकि, भ्रष्टाचार के आरोप सामने आने के बाद उन्हें जुलाई 2025 में ‘प्रशासनिक अवकाश’ (Administrative Leave) पर भेज दिया गया था। लगभग एक साल तक बिना वेतन (Unpaid Leave) छुट्टी पर रहने के बाद अब उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
चीन यात्रा, जमीन और क्वालिफिकेशन पर विवाद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, साइमा वाजेद पर तीन प्रमुख आरोप लगे थे:
-
चीन यात्रा का खर्च: WHO की जांच में चीन की यात्रा से जुड़े खर्च में वित्तीय धोखाधड़ी की बात सामने आई थी। वाजेद के वकीलों ने इसे 901 डॉलर के खर्च से जुड़ी केवल एक ‘प्रशासनिक चूक’ (Administrative Error) बताया है।
-
जमीन विवाद: बांग्लादेश में जमीन के एक प्लॉट को लेकर भी उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे। वाजेद का दावा है कि यह जमीन उन्होंने WHO में पद संभालने से पहले एक विशेष कानून के तहत कानूनी रूप से हासिल की थी।
-
शैक्षणिक योग्यता: उन पर अपनी एजुकेशन क्वालिफिकेशन को लेकर गलत जानकारी देने का भी आरोप था। इस पर उनका कहना है कि उनके पास ऑटिज्म के क्षेत्र में किए गए काम के लिए मानद डॉक्टरेट है, जिसकी जानकारी WHO नेतृत्व को दी गई थी।
इस्तीफे में WHO नेतृत्व पर उठाए सवाल
अपने इस्तीफे में साइमा वाजेद ने WHO के नेतृत्व पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अब उनका संगठन पर भरोसा नहीं रहा। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक बिना वेतन अवकाश पर रहने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा परिस्थितियों में वह अपनी जिम्मेदारियां प्रभावी ढंग से नहीं निभा पा रही थीं, इसलिए पद छोड़ना ही उचित समझा।
अब क्या होगा आगे?
साइमा वाजेद के इस्तीफे के बाद WHO में नए रीजनल डायरेक्टर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्टूबर में नामांकन शुरू होने और जनवरी में चुनाव होने की संभावना है। बता दें कि WHO का यह पद दक्षिण-पूर्व एशिया के 11 सदस्य देशों के 2 अरब से ज्यादा लोगों के स्वास्थ्य से संबंधित कार्यों का नेतृत्व करता है।
