पाकिस्तान में पानी के लिए भिड़ी सेना, SSG और FC जवानों का VIDEO वायरल
पाकिस्तान में गंभीर जल संकट अब आम लोगों के साथ-साथ देश की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा बलों के बीच भी कलह की वजह बन गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि खैबर पख्तूनख्वा के ऊपरी दक्षिण वजीरिस्तान इलाके में पानी के एक टैंकर को लेकर पाकिस्तानी सेना के जवान आपस में भिड़ गए। इस हिंसक झड़प में स्पेशल सर्विसेज ग्रुप (SSG), फ्रंटियर कोर (FC) और खुफिया विभाग से जुड़े जवानों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसमें करीब 22 जवानों के घायल होने की बात सामने आ रही है।
टैंकर पहुंचते ही शुरू हुई मारपीट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आसमान मंजा इलाके में पानी की भारी किल्लत है और वहां सेना के कैंपों में रोजाना टैंकर के जरिए पानी पहुंचाया जाता है। जब पानी का टैंकर वहां पहुंचा, तो पहले पानी भरने को लेकर SSG और खुफिया विभाग के जवानों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के जवान एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। इसके बाद FC के जवान भी इस झगड़े में कूद पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वायरल वीडियो में दिखी हाथापाई की तस्वीर
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कई जवानों को खुले मैदान में एक-दूसरे पर घूंसे बरसाते और धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। झड़प का दायरा बढ़ता हुआ मुख्यालय तक पहुंचता नजर आता है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसने पाकिस्तानी सेना के आंतरिक अनुशासन और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
60 फीसदी हिस्से में टैंकरों पर निर्भरता
दक्षिण वजीरिस्तान के कई इलाके लंबे समय से पानी की भीषण समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय भौगोलिक स्थिति और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण इस क्षेत्र के करीब 60 प्रतिशत हिस्से में पानी की सप्लाई पूरी तरह टैंकरों पर निर्भर है। ऐसे में जब सीमित पानी लेकर टैंकर पहुंचता है, तो प्राथमिकता को लेकर विवाद की स्थिति बन जाती है। इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि जब देश की रक्षा करने वाले जवान ही पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए आपस में लड़ने लगें, तो आम नागरिकों के हालातों का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
