September 15, 2026

UP चुनाव 2027: लखनऊ में डेरा डालेंगे बीएल संतोष और तावड़े, मेरठ से दौरा शुरू करेंगे नितिन नवीन

bjp 2027

उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सांगठनिक किलेबंदी तेज कर दी है। जमीनी पकड़ को धार देने और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की टीम इसी हफ्ते से लखनऊ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मोर्चा संभालने जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष खुद मैदान में उतरकर पार्टी के सांगठनिक ढांचे की समीक्षा करेंगे।

लखनऊ में दो दिवसीय मंथन, सोशल मीडिया पर खास नजर संगठन की कसावट को अंतिम रूप देने के लिए बीएल संतोष 10 और 11 सितंबर को लखनऊ में उच्च स्तरीय बैठकें करेंगे। इस दौरान प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और सह-प्रभारी भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश पदाधिकारियों और क्षेत्रीय टीमों के ऐलान के बाद अब विभिन्न मोर्चों के गठन पर अंतिम मुहर लगनी है।

इस बैठक में डिजिटल और सोशल मीडिया विंग की कार्यप्रणाली की विशेष समीक्षा की जाएगी। इंटरनेट और सोशल मीडिया पर विपक्षी दलों के आक्रामक रुख को देखते हुए पार्टी अपनी काउंटर रणनीति को और अधिक मजबूत करने की तैयारी में है।

मेरठ से सभी छह क्षेत्रों का दौरा करेंगे नितिन नवीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्य के सभी छह क्षेत्रों का व्यापक दौरा करने जा रहे हैं। उनके इस सघन अभियान की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के केंद्र मेरठ से होने की संभावना है। इस दौरे के जरिए वे स्थानीय सियासी समीकरणों की थाह लेंगे और सीधे शक्ति केंद्र व बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर चुनावी माहौल तैयार करेंगे। प्रदेश इकाई ने उनके कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली है।

अमित शाह का दौरा प्रस्तावित, सीएम योगी के चेहरे पर दांव केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का भी इसी महीने उत्तर प्रदेश का दौरा प्रस्तावित है। उनके आगमन को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जिलों और मंडलों का दौरा कर विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 2027 का चुनावी महासमर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मजबूत नेतृत्व और सरकार के विकास कार्यों के ट्रैक रिकॉर्ड के दम पर लड़ा जाएगा।