हथियारों की किल्लत लीक होने पर पेंटागन में हड़कंप: 50 उच्च सैन्य अधिकारियों का हुआ पॉलीग्राफ टेस्ट, ट्रंप ने बताया ‘देशद्रोह’
अमेरिकी सैन्य इतिहास में पहली बार सरकार ने जॉइंट स्टाफ के 50 उच्च पदस्थ सैन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का पॉलीग्राफ (लाई-डिटेक्टर) टेस्ट कराया है। यह अभूतपूर्व जांच ईरान युद्ध के दौरान अमेरिका के पास हथियारों की किल्लत से जुड़ी संवेदनशील जानकारी मीडिया में लीक होने के बाद शुरू की गई है। ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों से सीधे तौर पर यह पूछताछ की गई कि क्या उन्होंने पत्रकारों को कोई गोपनीय सैन्य डाटा मुहैया कराया है।
मिसाइलों की कमी का डाटा हुआ था लीक अगस्त में हुए इस सामूहिक पॉलीग्राफ टेस्ट का मुख्य उद्देश्य उन लोगों की पहचान करना था जिन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां सार्वजनिक कीं। बीते कुछ समय में अमेरिकी मीडिया में कई ऐसी खबरें आई थीं जिनमें दावा किया गया था कि ईरान के साथ चल रहे युद्ध के कारण अमेरिकी सेना के पास लंबी दूरी की मिसाइलों और पैट्रियट इंटरसेप्टर (Patriot Interceptor) जैसे प्रमुख हथियारों की भारी कमी हो गई है।
पेंटागन की कड़ी प्रतिक्रिया लीक और जांच की खबरों पर रक्षा विभाग (पेंटागन) ने सख्त रुख अपनाया है। पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने कहा कि विभाग कर्मचारियों से जुड़े अंदरूनी मामलों या जांच पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करता, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने के मामलों को बहुत गंभीरता से लिया जाता है। पार्नेल ने कहा, “अमेरिका और दुनिया भर में तैनात हमारे सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गोपनीय जानकारी को सुरक्षित रखना बहुत जरूरी है।”
रक्षा मंत्री की प्रेस से दूरी और पत्रकारों पर एक्शन लीक विवाद के बीच अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने 5 मई के बाद से ईरान युद्ध को लेकर कोई भी प्रेस ब्रीफिंग नहीं की है। इसके अलावा पेंटागन में मीडिया की पहुंच को भी काफी सीमित कर दिया गया है।
रक्षा विभाग की यह सख्ती पत्रकारों पर भी भारी पड़ रही है। पिछले महीने ही पेंटागन ने ‘स्टार्स एंड स्ट्राइप्स’ (Stars and Stripes) के एडिटर-इन-चीफ एरिक स्लाविन, पब्लिशर मैक्स लेडरर और मिडिल ईस्ट संवाददाता लारा कोर्टे को नौकरी से निकाल दिया था। यह कार्रवाई युद्धपोत USS अब्राहम लिंकन की आलोचनात्मक कवरेज को लेकर हुए विवाद के बाद की गई थी।
डोनाल्ड ट्रंप का पलटवार: ‘अमेरिका के पास असीमित हथियार’ इस पूरे विवाद पर डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ट्रुथ सोशल (Truth Social) पर पोस्ट करते हुए हथियारों की कमी की चेतावनी देने वालों को ‘देशद्रोही’ करार दिया। ट्रंप ने इन दावों को पूरी तरह से खारिज करते हुए कहा कि रिपोर्ट 100 प्रतिशत गलत हैं और अमेरिका के पास गोला-बारूद का लगभग असीमित भंडार मौजूद है।
लीक करने वालों और आलोचकों पर निशाना साधते हुए ट्रंप ने लिखा, “वे ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि वे मुझे जीतते हुए देखने के बजाय यह देखना पसंद करेंगे कि अमेरिका उस युद्ध में हार जाए जिसे हम आसानी से जीत रहे हैं।”
