September 16, 2026

ओपी राजभर बोले- ‘मुलायम सिंह ने साइकिल चलाई, बेटा AC में बैठकर तिलचट्टों के भरोसे तलाश रहा सत्ता’

Akhilesh-Yadav-4

उत्तर प्रदेश की राजनीति में सियासी बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने तंज कसते हुए आरोप लगाया कि सपा अध्यक्ष आगामी चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक रूप से नए और कमजोरारों की तलाश कर रहे हैं।

‘तिलचट्टों’ और स्प्रे के बहाने साधा निशाना अपने तीखे अंदाज के लिए जाने जाने वाले ओमप्रकाश राजभर ने पोस्ट में लिखा, “का हो अखिलेश यादव जी, सुने हैं कि आप अभिजीत नक्षत्र में दीपक जलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच आपके घर में ‘तिलचट्टे’ आने लगे, वो भी मुंह बांध के।” उन्होंने आगे कहा कि टीवी पर लाल रंग वाले स्प्रे को तिलचट्टे खत्म करने वाला बताया जाता है, लेकिन यहां “लाल वाले खुद ही तिलचट्टों से मदद मांग रहे हैं।”

राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अपने पारंपरिक समर्थकों और जमीनी कार्यकर्ताओं पर भरोसा खो चुके हैं और अब वे ‘रील-बाज़ तिलचट्टों’ के सहारे राजनीति कर रहे हैं।

मुलायम सिंह और शिवपाल यादव का किया जिक्र सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव की मेहनत का हवाला देते हुए राजभर ने लिखा कि उनके पिता और चच्चू (शिवपाल यादव) ने गांव-गांव जाकर साइकिल चलाई और पार्टी को खड़ा किया, लेकिन आज बेटा एसी कमरों में बैठकर ऐसे लोगों के भरोसे सरकार बनाने का ख्वाब देख रहा है।

राजभर ने यादव और गरीब मुस्लिम युवाओं को आगाह करते हुए कहा कि उन्हें ऐसी राजनीति में नहीं झोंका जाना चाहिए, जिससे उनके और उनके परिवारों के भविष्य पर बुरा असर पड़े। पोस्ट के अंत में उन्होंने विभिन्न देवी-देवताओं और महाराजा सुहेलदेव का जयकारा लगाते हुए अपनी बात समाप्त की।

राजनीतिक गलियारों में राजभर के इस बयान को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और सपा के बीच हालिया राजनीतिक मुलाकातों से जोड़कर देखा जा रहा है।