September 15, 2026

जम्मू-कश्मीर एनकाउंटर: बडगाम में लश्कर का पाकिस्तानी कमांडर यासिर ढेर

atanki

जम्मू-कश्मीर में विदेशी आतंकवादियों के सफाए के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अशदार’ के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बडगाम जिले के यूसमर्ग इलाके में हुई एक भीषण मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का पाकिस्तानी कमांडर यासिर मारा गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मारा गया आतंकी पाकिस्तानी नागरिक है और पिछले कुछ समय से इस इलाके में लश्कर के प्रमुख कमांडर के रूप में सक्रिय था।

कैसे शुरू हुआ ‘ऑपरेशन अशदार’? यह जॉइंट ऑपरेशन गुरुवार, 3 सितंबर को भारतीय सेना की चिनार कोर, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और CRPF द्वारा संयुक्त रूप से शुरू किया गया था। सुरक्षा बलों को पीर पंजाल रेंज के ऊंचे और दुर्गम पहाड़ी रास्तों से आतंकियों के एक समूह के मूवमेंट की खुफिया जानकारी मिली थी। यह संदिग्ध समूह पुलवामा के पखेरपोरा से बडगाम के यूसमर्ग की ओर बढ़ रहा था। अशदार गली के घने जंगली इलाके में जब सुरक्षा बलों ने इन्हें चुनौती दी, तो आतंकियों ने भारी गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद यह सर्च ऑपरेशन एक बड़े एनकाउंटर में बदल गया और यासिर मारा गया।

सुलेमान मूसा ग्रुप से अलग होकर बना था लश्कर कमांडर पुलिस के मुताबिक, यासिर पहले लश्कर-ए-तैयबा के ‘सुलेमान मूसा ग्रुप’ का हिस्सा हुआ करता था। पिछले करीब एक साल से वह इस गुट से अलग होकर घाटी में स्वतंत्र रूप से काम कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी गतिविधियों को ट्रैक कर रही थीं। यूसमर्ग इलाके में वह लश्कर के एक प्रमुख कमांडर के तौर पर उभर रहा था। सुरक्षा बल अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि वह किसी बड़ी आतंकी वारदात या योजना को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं था।

‘आप भाग सकते हैं, छिप नहीं सकते’ जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए कड़ा संदेश दिया है। पुलिस ने अपने ट्वीट में लिखा, “आप भाग तो सकते हैं लेकिन छिप नहीं सकते! ऑपरेशन अशदार के दौरान मारे गए आतंकवादी की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तानी नागरिक यासिर के रूप में हुई है।” इस पोस्ट में केंद्रीय गृह मंत्रालय, गृह मंत्री अमित शाह और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल कार्यालय को भी टैग किया गया है।

हथियार बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने एक AK-सीरीज की असॉल्ट राइफल, मैगजीन, भारी मात्रा में गोला-बारूद और युद्ध में इस्तेमाल होने वाली अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है। आतंकी के मारे जाने के बाद भी आस-पास के घने जंगलों में सुरक्षा बलों का सघन तलाशी अभियान जोरों पर है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वहां कोई अन्य संदिग्ध छिपा न हो। सुरक्षा और एहतियात के तौर पर यूसमर्ग और दूधपथरी रिसॉर्ट्स के आस-पास पर्यटकों की आवाजाही पर फिलहाल प्रतिबंध लगा दिए गए हैं।