‘रामायण सिखाती है कैसा होना चाहिए पति और भाई…’: न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने दिवाली इवेंट में की महाकाव्यों की तारीफ

Zohran Mamdani

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में दीपोत्सव का पर्व यानी दिवाली बहुत ही धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी (Zohran Mamdani) एक खास दिवाली इवेंट में पूरी तरह भारतीय रंग में रंगे नजर आए। इस कार्यक्रम में वह पारंपरिक भारतीय लिबास—सफेद कुर्ता-पजामा और गले में लाल रंग का दुपट्टा डाले हुए दिखाई दिए। अपने संबोधन के दौरान जोहरान ममदानी ने हिंदू धर्म के दो महान ग्रंथों—रामायण और महाभारत की जमकर तारीफ की और इनसे मिलने वाली सीख पर बात की।

रिश्तों और परिवारों की असलियत समझाते हैं ग्रंथ

दिवाली के इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जोहरान ममदानी ने कहा कि रामायण और महाभारत हमें जीवन के कई अहम सबक सिखाते हैं। उन्होंने कहा, “रामायण हमें बताती है कि हमें कैसा भाई, पत्नी, पति और दोस्त बनना चाहिए। वहीं, महाभारत हमें यह दिखाती है कि परिवार असल में कैसे होते हैं, जहां सबसे बहादुर नायक और सबसे बुद्धिमान देवता भी गलतियां कर बैठते हैं।”

ममदानी ने अपने संबोधन में यह भी याद दिलाया कि इस रोशनी के पर्व पर हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि अभी न्याय और समानता के लिए समाज में बहुत काम किया जाना बाकी है। इस दौरान उन्होंने अमेरिका में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाए जाने और सिखों को टारगेट किए जाने की घटनाओं पर भी अपनी गहरी चिंता व्यक्त की।

‘न्यूयॉर्क आपका अपना शहर है’

वाशिंगटन से लेकर दिल्ली तक की राजनीति का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रवासी समुदाय को आश्वस्त किया कि यह उनका घर है और न्यूयॉर्क उनका अपना शहर है। उन्होंने कहा कि विविधता और एकता की रोशनी हमेशा नफरत और अंधेरे पर भारी पड़ेगी। अपने भाषण के अंत में उन्होंने पर्यावरण का ध्यान रखते हुए बैटरी से चलने वाले दीये जलाकर दिवाली मनाने की अपील की और सभी को पर्व की बधाई दी।

अमेरिका में बड़े स्तर पर मनाई गई दिवाली

बता दें कि अमेरिका में इस साल दिवाली का जश्न काफी व्यापक स्तर पर देखने को मिला। पूर्व में व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में भी डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय समुदाय, सीईओ और अधिकारियों की मौजूदगी में दिवाली का त्योहार मनाया जा चुका है। उस दौरान ट्रंप द्वारा दीया जलाने और उन्हें तुलसीदास रचित ‘हनुमान चालीसा’ भेंट किए जाने की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं।