यूक्रेन युद्ध पर बड़ा कदम: पुतिन से बातचीत के लिए मॉस्को पहुंचे अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर

usa

यूक्रेन युद्ध के समाधान की दिशा में ट्रम्प प्रशासन ने अपनी कूटनीतिक कोशिशें तेज कर दी हैं। अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर गुरुवार (12 नवंबर 2026) को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अहम बातचीत करने के लिए मॉस्को पहुंचे। रूसी समाचार एजेंसी ‘इंटरफैक्स’ के मुताबिक, व्नुकुवो (Vnukovo) हवाई अड्डे पर रूसी राष्ट्रपति के दूत किरिल दिमित्रिएव ने इन दोनों अमेरिकी प्रतिनिधियों की अगवानी की।

अबू धाबी की बातचीत बेनतीजा, अब पुतिन से उम्मीद

यह मॉस्को दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब इससे ठीक पहले अबू धाबी में यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए हुई बातचीत बेनतीजा रही थी। अबू धाबी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जेरेड कुशनर ने कहा था, “स्टीव और मैं कल मॉस्को जा रहे हैं, जहां हम राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात करेंगे। हम आज हुई बातचीत पर चर्चा करेंगे और उन मुद्दों पर प्रगति करने की कोशिश करेंगे, क्योंकि हमें वहां कुछ संभावनाएं नजर आ रही हैं।”

यह दौरा रूस, यूक्रेन और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडलों के बीच दो दिनों की बातचीत के बाद हो रहा है। फरवरी के बाद यह इस तरह की पहली सीधी बातचीत है, जिसका मकसद लगभग पांच साल से चल रहे इस विनाशकारी संघर्ष को सुलझाना है।

यूरोप की बढ़ी चिंताएं

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, हाल के हफ्तों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मॉस्को को कई अहम रियायतें देने की घोषणा की है। ट्रंप प्रशासन के इस रुख ने यूरोपीय देशों की चिंता बढ़ा दी है। यूरोप को डर है कि वॉशिंगटन शायद इस युद्ध को ऐसी शर्तों पर खत्म करने की जल्दबाजी में है, जो सीधे तौर पर क्रेमलिन (रूस) के पक्ष में हों।

कैदियों की अदला-बदली पर फोकस

भले ही मौजूदा ट्रम्प प्रशासन में जेरेड कुशनर (ट्रंप के दामाद) के पास कोई आधिकारिक पद नहीं है, लेकिन वे इस पूरे मामले में एक अहम राजनयिक भूमिका निभा रहे हैं। कुशनर ने स्पष्ट किया कि मॉस्को में उनका और विटकॉफ का मुख्य फोकस मानवीय सहायता और युद्धबंदियों (कैदियों) की अदला-बदली को अंतिम रूप देने पर होगा। इसके साथ ही, वे इस शांति वार्ता में यूरोपीय देशों को भी शामिल करने का प्रयास करेंगे।

रूस के रुख में बदलाव नहीं बुधवार को अबू धाबी में हुई बातचीत 2 घंटे से भी कम समय में खत्म हो गई थी। इस पर टिप्पणी करते हुए रूस के वरिष्ठ वार्ताकार व्लादिमीर मेडिंस्की ने साफ किया कि मॉस्को के रुख में कोई खास बदलाव नहीं आया है। मेडिंस्की ने कहा, “कुछ मुद्दों पर हम आपसी सहमति तक पहुंच गए हैं, जबकि कुछ पर नहीं। इसमें कोई शक नहीं कि यह बातचीत आगे भी जारी रहेगी।”