यूपी विधानसभा चुनाव 2027: रूठों को मनाने उतरी BJP, मोदी-शाह की होंगी जनसभाएं

amit

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी कमर कस ली है। चुनाव से पहले पार्टी ने अब दो-तरफा रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है—एक तरफ रूठों को मनाना और दूसरी तरफ जमीनी स्तर पर जनसंपर्क अभियान को तेज करना।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी नाराज नेताओं के घर-घर जाकर उन्हें मनाने की कवायद शुरू करेंगे। वहीं, चुनावी माहौल गरमाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में रैलियां कर जनता तक पहुंचेंगे। पार्टी ने चुनावी सभाओं और संपर्क अभियान का पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है।

PM मोदी और शाह का मेगा अभियान

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नई चुनावी रणनीति के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के सभी 15 मंडलों में विशाल जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

गृह मंत्री अमित शाह भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को धार देने का काम करेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सभाएं करेंगे।

इसके साथ ही, केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री और संगठन के पदाधिकारी हर जिले में छोटी सभाओं और नुक्कड़ बैठकों के जरिए सीधे जनता से संवाद स्थापित करेंगे।

रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने का मेगा प्लान

बीजेपी ने स्थानीय स्तर पर उन पुराने और अनुभवी नेताओं को फिर से सक्रिय करने की बड़ी योजना बनाई है, जो किसी कारणवश नाराज चल रहे हैं या लंबे समय से संगठन से दूर हैं।

इसके लिए सभी जिलाध्यक्षों को मंडलवार अलग-अलग श्रेणियों में सूची तैयार करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। संगठन में नए लोगों को शामिल करने के लिए भी दो विशेष सूचियां तैयार की जा रही हैं:

  • पहली सूची: इसमें उन लोगों का नाम होगा जो बिना किसी टिकट या पद की अपेक्षा के पार्टी विचारधारा से जुड़ना चाहते हैं।

  • दूसरी सूची: इसमें उन चेहरों को शामिल किया जाएगा, जो 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के टिकट पर अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।

प्रबुद्ध वर्ग और विपक्ष के असंतुष्टों पर नजर

बीजेपी केवल अपने कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रहना चाहती। हर जिले में वकीलों, डॉक्टरों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और प्रबुद्ध वर्ग (Intellectual class) के प्रभावशाली लोगों की पहचान की जा रही है, जिन्हें पार्टी से जोड़ा जाएगा।

इसके अलावा, बीजेपी की नजर विपक्षी दलों के उन नेताओं पर भी रहेगी, जो अपनी मौजूदा पार्टी में असंतुष्ट चल रहे हैं। बीजेपी ऐसे नेताओं को भी अपने खेमे में शामिल करने की पूरी कोशिश करेगी।