‘कुर्सी छोड़ चुल्लू भर पानी में डूब मरें… 2027 में निकलेगी BJP की शव यात्रा’: स्वामी प्रसाद मौर्य के तीखे तेवर
उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बेहद तीखा जुबानी हमला बोला है। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर देश में अराजकता फैलाने, सरकारी संपत्तियों को बेचने और संविधान की धज्जियां उड़ाने का गंभीर आरोप लगाया है।
‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ बीजेपी की नौटंकी
भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा पर तंज कसते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, “शर्म नहीं आती, लोकतंत्र के हत्यारे ही आज लोकतंत्र के बचाव की मांग कर रहे हैं। जिसके लिए आज सत्ता के लोग गली-गली मार्च कर रहे हैं, अगर पदयात्रा ही करनी है तो पदयात्रा छोड़िए, अब शव यात्रा की बारी आ गई है। 2027 में बीजेपी की अब शव यात्रा निकाली जाएगी।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर सत्ता में बैठे लोग ही अराजकता हटाने की मांग कर रहे हैं, तो नैतिकता के आधार पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी को डूबकर मर जाना चाहिए और अपनी कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।
‘हत्यारे बीजेपी के संरक्षण में’
कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि पूरा देश अराजकता की भेंट चढ़ चुका है और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया, “रोजाना उत्तर प्रदेश में दलितों और पिछड़ों की हत्याएं हो रही हैं। सरकार हत्यारों को गिरफ्तार करने के बजाय उन्हें बचाने का काम कर रही है, क्योंकि वे या तो खुद बीजेपी के पदाधिकारी हैं या फिर उनके संरक्षण में पल रहे हैं।”
‘देश को बना दिया बेरोजगारों का देश’
रोजगार और आर्थिक नीतियों को लेकर पीएम मोदी को घेरते हुए मौर्य ने कहा कि जब से देश में डबल इंजन की सरकार आई है, सरकारी नौकरियां मिलना बंद हो गई हैं। आज उच्च शिक्षित लड़के और लड़कियां 10 से 15 हजार रुपये की मामूली नौकरी आउटसोर्सिंग के जरिए करने को मजबूर हैं।
उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा, “मोदी जी ने भारत को विश्व गुरु बनाने का लॉलीपॉप दिया था, लेकिन देश को बेरोजगारों का देश बना डाला। जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, तब से एयरपोर्ट, बंदरगाह, रेलवे स्टेशन, ट्रेनें और एलआईसी (LIC) जैसी बड़ी संस्थाएं अडानी और अंबानी जैसे लोगों को बेची जा रही हैं।”
सभा के अंत में स्वामी प्रसाद मौर्य ने आगामी 11 दिसंबर को लखनऊ में एक बड़ी रैली करने का ऐलान किया और जनता से भारी संख्या में पहुंचने की अपील की।
