शेयर बाजार की सुस्त शुरुआत के बीच रियल्टी-डिफेंस में बंपर खरीदारी: सेंसेक्स 74,900 के पार

sensex-1-1536x1171

भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में सीमित दायरे में हल्की बढ़त के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में सुबह 9:19 बजे बीएसई सेंसेक्स 58 अंक (0.08%) की बढ़त के साथ 74,926 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी 35 अंक (0.15%) मजबूत होकर 23,449 पर पहुंच गया।

बाजार की शुरुआत में व्यापक स्तर पर खरीदारी का रुझान देखा गया, हालांकि आईटी शेयरों में बिकवाली के चलते बेंचमार्क सूचकांकों की रफ्तार सीमित रही।

रियल्टी और डिफेंस सेक्टर में उछाल, केवल आईटी लाल निशान में

शुरुआती रुझानों में रियल्टी और डिफेंस सेक्टर के शेयरों में जोरदार एक्शन दिखा। सेक्टरल इंडेक्स में निफ्टी रियल्टी और निफ्टी इंडिया डिफेंस करीब एक प्रतिशत की छलांग लगाकर टॉप गेनर्स में शामिल रहे।

इसके अलावा निफ्टी एनर्जी, निफ्टी पीएसई, मैन्युफैक्चरिंग, ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, मेटल, कमोडिटीज और प्राइवेट बैंक इंडेक्स भी बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। दूसरी तरफ, सेक्टोरल पैक में केवल निफ्टी आईटी गिरावट के साथ लाल निशान में फंसा नजर आया।

मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स मजबूत

लार्जकैप के मुकाबले ब्रॉडर मार्केट में अधिक तेजी देखने को मिली:

  • निफ्टी मिडकैप 100: 224 अंक (0.36%) चढ़कर 62,237 के स्तर पर पहुंचा।

  • निफ्टी स्मॉलकैप 100: 75 अंक (0.39%) की मजबूती के साथ 19,939 पर कारोबार करता दिखा।

इन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा हलचल

सेंसेक्स के 30 शेयरों में अदाणी पोर्ट्स, इंडिगो, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी, एमएंडएम, इटरनल, टाटा स्टील, ट्रेंट, पावर ग्रिड, कोटक महिंद्रा बैंक, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे थे।

वहीं आईटी दिग्गजों समेत अन्य भारी शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा। एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, भारती एयरटेल और टाइटन गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते दिखे।

कच्चे तेल में नरमी और मजबूत वैश्विक संकेत

बाजार विश्लेषकों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिका के 10-साल के बॉन्ड यील्ड में नरमी आने से अमेरिकी इक्विटी बाजार में जोखिम घटा है। इसका सकारात्मक असर घरेलू बाजार की धारणा पर भी पड़ा है। घरेलू मोर्चे पर एनएसई आईपीओ पूरा होने और रिफंड की प्रक्रिया शुरू होने से लिक्विडिटी बेहतर होने की उम्मीद बंधी है।

वैश्विक मोर्चे पर भी अधिकांश एशियाई बाजार तेजी में रहे। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक, सियोल और ताइपे के बाजारों में मजबूती दर्ज की गई, जबकि केवल जकार्ता इंडेक्स गिरावट में रहा। इससे पहले अमेरिकी बाजारों में भी अच्छी तेजी रही, जहां डाओ जोन्स 0.71 प्रतिशत और नैस्डैक 2.26 प्रतिशत की बढ़त पर बंद हुए थे।