1942 में शेरपुर के आठ युवाओं ने दी शहादत, अमर हो गए रामबदन उपाध्याय
“शहीदों के खून का असर देख लेना, मिटायेंगे जालिम का घर देख लेना।
जो खुदगर्ज गोली चलाएंगे हम पर, तो कदमों में उनका ही सर देख लेना।। ”
शेरपुर के आठ युवाओं का ऐतिहासिक बलिदान
उत्तरप्रदेश के गाजीपुर जिला के मुहम्मदाबाद तहसील के शेरपुर गांव के नवजवानों द्वारा, मिटटश हुकूमत के विरुद्ध महात्मा गांधीजी के द्वारा बंबई वर्तमान मुंबई के गोवालिया टैंक मैदान से 8 अगस्त 1942 को राष्ट्रीय कांग्रेस अधिवेशन के दरम्यान भरी सभा में किए गए आह्वान अंग्रेजों भारत छोड़ो करो या मरो से प्रेरित होकर मुहम्मदाबाद तहसील को मिटटश हुकूमत से आजाद कराने और वहां पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के लिए 18 अगस्त सन् 1942 में, दिया गया बलिदान अद्भुत ही नहीं अविस्मरणीय है। यह भारतीय स्वतंत्रता आन्दोलन का एक स्वर्णिम अध्याय है। स्वतंत्रता आन्दोलन के संग्राम में केवल भारत में ही नहीं अपितु विश्व के अन्य देशों के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में ऐसा बलिदान मिलना दुर्लभ ही नहीं असंभव है, जहां एक ही गांव के एक ही समय में एक ही स्थान पर आठ युवाओं ने हंसते-हंसते भारतमाता को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए उन्हीं की बलिवेदी पर अपने को न्यौछावर कर दिया और हजारों युवा क्रूर, दमनकारी अंग्रेजी हुकूमत के बर्बरता की प्रतीक गोलियों, लाठियों और डंडों के शिकार हुए तथा पाशविक तरीके से जेल में ठूंस दिए गए। उन्हीं अष्ट बलिदानियों में से एक थे अमर शहीद रामबदन उपाध्याय।
साधारण परिवार में जन्मे असाधारण देशभक्त
ये साधारण परिवार के थे। इनके पिता का नाम पंडित दीपनारायण उपाध्याय और माताजी का नाम जगरानी देवी था। इनकी दो बहनें थी जिनका नाम क्रमशः चन्द्रावती और निव्रता था। चन्द्रावती की मृत्यु अल्प वय में ही हो गई थी। शहीद रामबदन दोनों बहनों के बीच के थे। इनका जन्म सन् 1924 में अगहन माह के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि के दिन हुआ था। दीपन (दीप नारायण के स्थान पर प्रेम और भाषाइ प्रवृत्ति के संक्षेपीकरण के कारण सभी लोग दीपन ही कहते थे।) उपाध्याय जी के घर में पुत्ररत्न पैदा होने से खुशी का वातावरण हो गया था, सोहर, बधाइ गीत- गवनइ महीनों चलती रही, वहीं पर पूरा टोला मोहल्ला खुशी से इतरा रहा था। बेटी के पीठ पर वारिस के आने की खुशी में खुद दीपन पंडित ने इक्कीस दिन नियमित रूप से गंगा स्नान कर घर में तुलसी जी के पास, बुढवा शिवाला (क्रांतिकारी यमुना गिरी के घर के पास वाले शिवमंदिर पर)और महबीरे (महाबीर जी के मंदिर पर) बिना नागा किए दिया बारे (जलाए) थे। शौरी घर से निकलने और छुमतका का समय समाप्त होने के बाद पंडिताइन जी की सासु मां ने मुन्नी लाल बनिया के यहां से पुत्र दीपन से छोटका बताशा पैसे की तंगी के बावजूद उधारी में ही मंगवाकर कीरत गो गोड़ीन से पूरे टोला में बिना भेदभाव के पांच-पांच बताशा प्रति घर बंटवाया था। यहां तक की पंडित, भूमिहार से लेकर बिरिदबासी नाउ, पुडकी बारी, पराहु कलवार, सुदामा कमकर, मटुक बनिया, मूस मियां, गफूर मियां सबके घर दीपन पंडित ने बयना (उपहार/प्रसाद) बंटवाया था। लेकिन नार काटने और खेंडी साफ करने वाली किशोर हरिजन की माई को वे खुश नहीं कर पायीं। क्योंकि एक बेटी के बाद वंश चलाने के लिए लड़का पैदा होने की खुशी में लदुअ भर अनाज (अन्न) मांगने वाली किशोर की माई को खूब झनकने पटकने के बावजूद भी ग्यारह सेर से ज्यादा अनाज नहीं दे पाए।
शहीद के घर-परिवार और गांव से जुड़ी स्मृतियां
दीपन उपाध्याय का घर गांव के पूरब टोला में शेषर राय चौधुरी के घर से थोड़ा पूरब तरफ आगे चलकर रास्ता घूमने पर अनंत पहलवान की चक्की वाली पंक्ति में उसके एकदम दक्षिणी छोर पर कीरत गोंड के बगल में था। उसके बाद उन्हीं के दयाद (खानदानी लोग) शिवकुमार उपाध्याय, कतवारू उपाध्याय थे बीच में एक पाठक परिवार भी था। इन सभी लोगों में से आज केवल पाठक परिवार का ही वंश चल रहा है जिसमें वर्तमान में रामदेव पाठक और उनके अनुज का परिवार है। क्योंकि शिवकुमार उपाध्याय जहां निःसंतान थे और बाद में बुढ़ापे में उनकी आंखों की रोशनी भी चली गई थी वहीं पर दीपन उपाध्याय को एक पुत्र रामबदन तथा एक पुत्री निव्रता थी। पुत्ररत्न रामबदन उपाध्याय महरावल दस्ता के अहम सदस्य के रूप में तहसील पर आजादी के संघर्ष में शहीद हो गए, इनकी बहन निव्रता विवाह के पश्चात अपनी ससुराल परसा शुक्ल परिवार में चलीं गई। इस तरह बाद में चलकर दीपन उपाध्याय और शिवकुमार उपाध्याय दोनों लोगों का कूरा नावल्द हो गया था। जिस घर में रामबदन उपाध्याय का जन्म हुआ था आज उसका नामोनिशान तक नहीं है। दीपन उपाध्याय के मरने के बाद उनकी विवाहित बेटी निव्रता ने घर को स्व. श्री परासन राय के पुत्र दिनेश राय और पाठक परिवार को बेच दिया। वहीं पर शिवकुमार पंडित के घर को स्व. श्री भरत राय मास्टर साहब के अनुज स्व. श्री विक्रमा राय ने खरीद लिया था। आज उन दोनों घरों के स्थान पर इन्हीं दोनों लोगों के पक्के मकान खड़े हैं।
बचपन, शिक्षा और आजादी के विचारों से जुड़ाव
बालक रामबदन उपाध्याय की प्रारंभिक शिक्षा दीक्षा पूर्वी स्कूल (पूर्वी प्राथमिक विद्यालय) और मिडिल स्कूल में हुई। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत न होने के कारण इससे आगे नहीं पढ़ पाए। वैसे भी पढ़ाई में उनका मन उतना नहीं लगता था जितना संगी-साथियों के साथ घुमक्कड़ी करने और बैठकी करने में लगता था। समय-समय पर गांव में होने वाले सामाजिक कार्यों, उत्सवों, सभाओं में ये चाहे दिन में हों या रात में माता पिता के लाख विरोध के बावजूद भी वहां पहुंच जाते थे। इसी क्रम में पता नहीं कब और कैसे इनके किशोर मन में देश और गांधीजी जी के प्रति अटूट लगाव तथा श्रद्धा जागृत हो गई। अनुमानतः इसके मूल में गांव का तत्कालीन वातावरण ही मुख्य कारक था। उस समय शेरपुर गांव का माहौल भी कुछ वैसा ही आजादी ले लेने की जुनूनी लहरों से तरंगायम हो रहा था। बड़ा गांव, जमींदारों का गांव और बहादुर गांव होने के नाते यहां अक्सर जिला स्तर, प्रदेश स्तर के कद्दावर कांग्रेसी नेताओं का आना-जाना लगा रहता था।
शेरपुर की धरती पर राष्ट्रीय नेताओं का आगमन
स्व. श्री संपूर्णानंद जी, स्व. श्री गोविंद बल्लभ पंत जी (ये दोनों महान व्यक्तित्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं), स्व. श्री रफी अहमद किदवई जी { केंद्रीय कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं }, स्व. श्री दल श्रृंगार दूबे, स्व. श्री बेनीमाधव राय, स्व. श्री रामसुन्दर शास्त्री, स्व. श्री भगवती चौबे, स्व. श्री राजमंगल पाण्डेय, स्व. श्री भगवान सिंह यादव, स्व. श्री मीना राम जैसी स्वतंत्रता आन्दोलन की महान हस्तियां समय-समय पर यहां आकर सभा बैठकों के माध्यम से गांव के विचारवान, उत्साही बहादुर, त्याग की भावना से भरे हुए, कुछ कर गुजरने की तमन्ना रखने वाले युवाओं को प्रेरित करते रहते थे। साथ ही इनको साथ में लेकर इस गांव के साथ अन्य गांवों में भ्रमण कर गांधीजी के विचारों का प्रचार करते हुए आजादी की अलख जगाते रहते थे। गांव में जहां भी चार लोग इकट्ठा होते थे तो गांधीजी, सुभाष बाबू, नेहरू जी, चन्द्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला जैसे देशप्रेमियों और उनके द्वारा देश की आजादी के लिए किए गए त्याग बलिदान तथा उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की गली-गली दरवाजे-दरवाजे पर, बाग-बगीचा में सर्वत्र उत्साहपूर्वक चर्चा होती थी। साथ ही साथ भारतीय जनता पर विभिन्न स्थानों पर गोरों द्वारा किए जा रहे अत्याचारों, उनकी बेरहमीपन, ज्यादती तथा टुच्चई से देश की सारी संपत्ति को लूट-खसोट कर इंग्लैंड की महारानी के खजाना भरने की खूब चर्चाएं होती थी। संभवतः गांव के तत्कालीन इस माहौल ने ही उनके (रामबदन जी के) अंदर देशप्रेम का और देश के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने का जज्बा पैदा किया होगा।
कांग्रेस गतिविधियों में रामबदन की सक्रिय भागीदारी
आयु बढ़ने के साथ-साथ वे हट्ठा कट्ठा भी होते गए। गाजीपुर कांग्रेस कमेटी के सुचारु संचालन और उसकी आर्थिक मदद के लिए शेरपुर गांव से मजबूत चंदा जाता था। इसके लिए घर-घर से मुठिया के रूप में अनाज लेकर इकट्ठा किया जाता था और स्व. श्री रजनीकांत उपाध्याय, स्व. श्री शेषर राय (जिला कांग्रेस कमेटी के दीर्घकाल तक अध्यक्ष रहे अद्भुत व्यक्तित्व के धनी स्व. श्री गंगा राय वकील साहब के पिताजी), स्व. श्री कामता राय के नेतृत्व में गाजीपुर कांग्रेस कमेटी को भेजा जाता था। इस कार्य को करने में किशोर रामबदन जी का बहुत मन लगता था। यह काम करते समय उनको खाने पीने की भी सुध नहीं रहती थी।
1936-37 का कांग्रेस अधिवेशन और युवाओं में जागी चेतना
सन् 1936-37 में जब शेरपुर गांव में जिला कांग्रेस समिति का वार्षिक अधिवेशन हुआ था जिसमें अधिवेशन स्थल बाबू बहाल राय का बगइचा (परवर्ती नाम शहीद बाग) था और नाश्ता खाना का (दस्तरखाना) इंतजाम पूर्वी स्कूल में था। इस अधिवेशन में किसान नेता, प्रकाण्ड विद्वान स्वामी सहजानंद जी, स्वनाम धन्य श्री गोविंद बल्लभ पंत जी, अद्भुत विद्वान, विचारक श्री संपूर्णानंद जी, उच्चकोटि के राजनेता श्री रफी अहमद किदवई जी सरीखे महान हस्तियों के साथ-साथ राष्ट्रीय कांग्रेस के तमाम दिग्गज शेरपुर की धरती पर आए थे। संपूर्णानंद जी की इच्छानुसार खाने में एक व्यंजन के रूप में चने के कचरी की देशी घी में छानकर कचौड़ी बनी थी जो सभी आगन्तुकों को बहुत पसन्द आयी। उस समय भी कम उम्र होने के बावजूद रामबदन ने साफ-सफाई करने, गद्दा बिछवाने, दरी-जाजिम बिछवाने तथा पत्तल-थाली उठाने के कार्य में बहुत ही तन्मयता और उत्साह के साथ भागीदारी की थी।
किशोरावस्था में देशसेवा का जुनून
सोलह की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते वे खूब गभरू नौजवान हो गए। इनका मन पुरोहिताई और पढ़ाई में तो एकदम नहीं लगता था। सामाजिक गतिविधियों एवं भ्रमण में खूब रमता था। गांव में गांधीजी के विचारों पर आधारित जहां कहीं भी बैठक होती थी वहां हर हाल में पहुंचते थे। कोई भी गांधीजी के अनुयायी केवल गांव शेरपुर में ही नहीं, कहीं भी पास पड़ोस, मुहम्मदाबाद, गाजीपुर या बनारस तक में आते थे और इनको जानकारी मिल जाती थी तो युवा रामबदन जी येनकेन प्रकारेण उधार आदि माध्यम से पैसे रुपए का इंतजाम कर मां-पिताजी के लाख विरोध के बावजूद भी वहां अवश्य पहुंच जाते थे। पास-पड़ोस, नाते-रिश्तेदारी के लोग इनको लेकर दीपन पंडित को तरह-तरह से ताना मारते थे। इनको निसहका, निबढ, यहां तक की कभी-कभी खुराफाती, कुलनाशक के विशेषणों से नवाजते थे। दीपन पंडित को सलाह देते थे कि लड़के को सख्ती के साथ संभाल लो नहीं तो पंडित जी आपकी नाक कटवा देगा और पूरी जिंदगी खून के आंसू रोने पड़ेंगे तथा यह ऐसे ही जब बवाली और नालायक हो जायेगा तो कुत्ता बिल्ली, सियार भी अपनी लड़की नहीं देंगे और हल्दी भी नहीं लगेगी। लेकिन सहज, सरल, संत व्यक्तित्व के दीपन उपाध्याय एक कान से सुनते थे और दूसरे से बाहर निकाल देते थे। उनकी पत्नी लोगों की बातों को सुनकर थोड़ा बहुत कुड़बुड़ाती थी तथा रामबदन को समझाने की कोशिश करती थीं। लेकिन अपनी समझाइश का लड़के पर कोई असर न देखकर पंडितजी पर बरसकर वह भी चुप्पी साध लेती थी। चन्द्रदीप उपाध्याय के घर जाकर उनकी पत्नी और अपनी सखी से, जो रामबदन को बहुत स्नेह करती थी, समझाने के लिए कहती थी। साथ ही क्रोध में उलाहना भी देती थी कि यह आप ही का बिगाड़ा हुआ है, जिस दिन से आपके घर का दरवाजा उसके लिए (रामबदन के लिए) बन्द हो जाएगा तथा हूरने (खाने) के लिए नहीं मिलेगा, उसकी बुद्धि ठिकाने लग जाएगी। लेकिन वो इतनी दयालु थी कि उनके घर रात बिरात जब भी रामबदन आते थे तो बहुत प्रेम से खिलाती थीं।
क्रांतिकारी साथियों के बीच रामबदन की भूमिका
गांव के ही गांधीजी जी के विचारों से अति प्रभावित और कट्टर अनुयायी डा. शिवपूजन राय, तिलेश्वर राय, ऋषेश्वर राय, राजा राय, वंशनारायण राय, नारायण राय, सीताराम राय, हृदय नारायण राय, रमाशंकर राय, श्याम नारायण राय, कृपाशंकर राय, पं. जगदीश शर्मा, रामनरेश यादव से कम उम्र होने के बावजूद भी इनके बहुत प्रगाढ़ संबंध थे। उन्हीं लोगों के ये गोलदार थे। जहां कहीं भी इन लोगों की गुप्त बैठक होती थी ये बिना नागा किए सम्मिलित होते थे। यदि इनकी इन हरकतों से जिस दिन माताजी पिताजी देर रात घर आने पर बहुत नाराज होते थे तो बिना कुछ बोले ये चुपचाप अक्सर स्व. श्री चन्द्रदीप नारायण उपाध्याय (श्री ओंकार नाथ, स्व. श्री त्रयम्बक नाथ, श्री अमर नाथ उपाध्याय के पिताजी) के घर पहुंच जाते थे और वहीं पर खाना खाकर सो जाते थे।
चन्द्रदीप उपाध्याय परिवार से आत्मीय संबंध
श्री चन्द्रदीप उपाध्याय और दीप नारायण उपाध्याय के परिवार में बहुत मधुर संबंध थे। इनकी (रामबदन की) माताजी और ओंकार नाथ उपाध्याय की माताजी पक्की सहेली थी। हर दूसरे तीसरे दिन रामबदन जी की माताजी का श्री चन्द्रदीप उपाध्याय जी के घर आना जाना होता था। इसका मुख्य कारण था कि जहां इज्जतदार होते हुए भी दीप नारायण उपाध्याय की पारिवारिक आर्थिक स्थिति जर्जर और कमजोर थी, आय का कोई स्रोत नहीं था न ही खेती बारी थी वहीं पर श्री चन्द्रदीप उपाध्याय जी के परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति बेहद मजबूत थी। शिक्षा, शोहरत (इज्जत एवं सम्मान) और कर्मकांड की दृष्टि से संपन्न तथा विद्वान परिवार था। बड़का और छोटका शेरपुर में ही नहीं बल्कि पूरे जवार में इस परिवार को लोग बहुत सम्मान की नजर से देखते थे।
पिता दीपनारायण और माता जगरानी का व्यक्तित्व
निव्रता की शादी मुहम्मदाबाद तहसील के परसा नामक गांव के शुक्ल परिवार में अलखदेव शुक्ल से हुई थी। पंडित दीप नारायण उपाध्याय सीधे-साधे सरल इंसान थे। कम पढ़े लिखे होने के बावजूद भी बात व्यवहार में अव्वल थे। थोड़ी बहुत सनातनी कर्मकांड की भी जानकारी थी, बुदबुदाकर होम-वोम कामचलाउं ढंग से कर लेते थे। लेकिन उनको न तो मंत्र कंठस्थ थे न ही उनका अच्छे ढंग से देखकर ही उच्चारण कर पाते थे। उनका घर गांव के पूरब टोला में कीरत गोंड के बगल में था। वे एकहरे बदन के औसत लंबाइ वाले गौर वर्ण के थे। उनके शरीर पर बांए कंधे से होता हुआ दाहिनी बांह के नीचे जनेऊ उसमें लटकती हुई चाभी के साथ सदैव विराजमान रहता था, कभी-कभी उसको गले में भी लपेट लेते थे। सफेद धोती घुटने तक पहनते थे और धोती के शेष बचे भाग को दाहिने तरफ से ले जाकर बांये कंधे से घुमाते हुए दाहिने तरफ निकाल कर शरीर को ढक लेते थे। उस जमाने में सैंडो या बाहदार गंजीयों (बनियान) का गांवों में प्रचलन एकदम नहीं था। जिस इक्के दुक्के घर में नौकरी करने वाले शहराती लोग थे खासकर कलकतिया थे। इन्हीं परिवारों में कभी-कभी दिखाई दे जाती थी। अन्यथा उरेबी पाके टदार दर्जी के द्वारा सिली हुई गंजी अर्थात हाफ बाहदार हाफ कुर्ते जैसी गंजीयों का ही चलन था। उनके शरीर पर यह गंजी कभी कभार तीज-त्योहार या महतइ (रिश्तेदारी) में जाते समय ही दिखाई दे जाती थी। नहीं तो कभी भी उनके शरीर पर इसके दर्शन नहीं होते थे। हमेशा नंगे पैर चलते थे। लेकिन यजुमानी में मिला हुआ गमछा कंधे पर रखना नहीं भूलते थे। वह भी सकारण ही रखते थे। यदि किसी यजुमान के यहां से कुछ अन्न, आटा या जो कुछ श्रद्धा-सम्मान के साथ मिल जाता था तो उसी में गठियाकर कंधे से पीछे डालकर एक छोर को वक्षस्थल पर कसकर पकड़ कर चलते थे। याचक ब्राह्मण होने के चलते पंडित दीप नारायण उपाध्याय जी के पास घर और यजुमानी के अलावा और कोई संपत्ति नहीं थी। घर का खर्चा यजुमानी से ही चलता था। इनका घर जहां गांव में पूरब टोला में था वहीं इनका परिवार महर सिंह राय बाबा के घराने का पुरोहित था जो अधिकांशतः गांव में पश्चिम टोला में ही हैं। स्व. श्री जगरदेव राय (पिता स्व. रामचन्द्र राय मास्टर साहब, इंजीनियर श्री दयाशंकर राय), स्व. श्री केदारनाथ राय (महब्बेदार), स्व. श्री कपिला राय, स्व. श्री हरिनारायण राय (पिता श्री मंगिरजा राय मास्टर साहब) स्व. श्री देवमुनि राय साहब (पिता जिन्दा शहीद स्व. स्वनामधन्य श्री सीताराम राय बाबू साहब) आदि के घरानों में इनकी यजमानी थी। लेकिन पं. दीप नारायण जी स्वभाव से सरल, हंसमुख, निश्छल और व्यवहार कुशल थे। जो कोई भी इनको पंवलगी करता था उसको भर-भरकर प्रसन्न मुद्रा में आशीर्वाद देते थे। आशीर्वाद लेने वाला भले ही थक जाए लेकिन ये देने से अघाते नहीं थे। इनका हमलोगों के परिवार में भी आना जाना था। अष्टमी, अनंत इत्यादि त्योहारों पर फलाहारी करने, रस पीने अक्सर और खिचड़ी (मकरसंक्रांति) के दिन जनेऊ देने तो आते-आते ही थे। क्योंकि मेरे बाबा जी स्व. श्री योगी राय जी और मेरे पिताजी स्व. श्री जगन्नाथ राय जी तथा चाचा स्व. श्री ईश्वरजन राय जी उर्फ प्रिंसिपल साहब इनका बहुत सम्मान करते थे। दरवाजे पर चलकर खम्भिया में (ओसारा जो बहुत शानदार था, जिसमें बारीक काष्ठकारीगरी किए हुए शीशम के नक्काशीदार मय शानदार खंभे, तथा बेहतरीन काष्ठ कारीगरी के नमूने विशालकाय चौखट दरवाजे लगे हुए हैं जो आज अपने दुर्दिन पर आंसू बहाते हुए जार बेजार हो रहे हैं)चढ़ते ही इनको आदरपूर्वक बुलाकर बैठाते थे। वैसे तो हम लोगों के पुरोहित बलभर उपाध्याय का परिवार है जो खानदानी पढ़े लिखे और कर्मकांड में पारंगत चले आ रहे थे। लेकिन इनको इतना प्यार सम्मान घर वाले खासकर प्रिंसिपल चाचा क्यों देते थे उस समय तो नहीं समझ सका लेकिन अब समझ में आ गया है कि इनके इकलौते सुपुत्र रामबदन उपाध्याय के द्वारा देश की आजादी के लिए दिए गए अभूतपूर्व बलिदान ने इनके कद को बढ़ा दिया था और सम्मान से इनको इतना गुरु बना दिया था कि जिसको मापना आसान नहीं अपितु असंभव था।
इनकी पत्नी जगरानी देवी का व्यक्तित्व बहुत ही भव्य था। वह पढ़ी-लिखी तो एकदम नहीं थी लेकिन गुनी हुई तथा विचारवान बहुत थी। लम्बी, छरहरी काया से संपन्न, गौर वर्ण उसी के अनुरूप आंख नाक चेहरा सब बेजोड़ था। उनके शरीर पर सभी रंग की साड़ियां फबती थी। जब वे घर से निकलती थीं तो बहुत अदब लिहाज के साथ चलती थीं। उनकी देहयष्टि और चाल में इतनी भव्यता थी कि दूर से किसी बड़े जमींदार घराने या राजपरिवार की लगती थीं। दीपन उपाध्याय जी और उपाध्यायिन जी दोनों पति-पत्नी की वाणी में इतना मिठास था कि लगता था कि मिश्री घुली हुई है। शहीद रामबदन जी की माताजी को देखकर लगता था कि इनका पालन पोषण किसी संस्कारी, रईस सनातनी परिवार में हुआ होगा।
भारत छोड़ो आंदोलन और शेरपुर में गुप्त बैठकों का दौर
9 अगस्त 1942 को गांधी जी की गिरफ्तारी के साथ ही देश के अनेकानेक राष्ट्रीय स्तर के अधिकांश नेताओं की गिरफ्तारी की सूचना पूरे देश में पूरब से पश्चिम, उत्तर से दक्षिण तक जंगल में आग की तरह फैल गई। सभी क्षेत्रों में अंग्रेजों के प्रति आक्रोश और उनसे बदला लेने की भावना खौलने लगी। धरना, प्रदर्शन, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सरकारी दफ्तरों, डाकखाने, रेलवे स्टेशनों, पुलिस स्टेशनों को फूंकने लूटने, रेलवे पटरियों को उखाड़ने का भयंकर तांडव शुरू हो गया।
शेरपुर गांव में भी डा. शिवपूजन राय के नेतृत्व में दस अगस्त से ही अंग्रेजों को न भूलने वाला सबक सिखाने के लिए बैठकों का दौर शुरू हो गया और गुप्त ढंग से विभिन्न कार्यक्रम बनाए जाने लगे। सबसे बड़ा और गुरुतर कार्यक्रम था अहिंसात्मक ढंग से मुहम्मदाबाद तहसील पर यूनियन जैक को उतार कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर आजाद घोषित करना।
महरावल दस्ते का गठन और बलिदान की प्रतिज्ञा
इस कार्य को सफलतम ढंग से पूरा करने के लिए धैर्यशील, बहादुर, त्यागी, देश के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने हेतु उद्यत नौजवानों के चयन का भी उत्तरदायित्व डा. साहब पर ही था। इसके लिए सभा में उपस्थित नौजवानों में से एक सौ पचास लोगों ने प्रतिज्ञा लेकर सादे कागज पर दस्तखत किए। उन्हीं दस्तखत करने वालों में से सबसे कम उम्र के कुर्ता-पैजामा धारी, पाम्हीदार लम्बे कद के मजबूत काठी वाले, गौर वर्णी, आकर्षक नाक-नक्श वाले बिंदास स्वभाव संपन्न नवजवान थे रामबदन उपाध्याय। इनके चेहरे पर सदैव गंभीर मुस्कान भरी तेजस्विता, निर्द्वंद्वता, निश्छलता, निश्चिंतता हमेशा तैरती रहती थी। ये अनुशासित होने के साथ-साथ अपने मन के राजा थे। जो ठान लिया वो ठान लिया, उसको लाख बाधाओं के बावजूद पूरा करके ही चैन लेते थे। अपना पराया, मेरा तेरा से इनका दूर-दूर का भी नाता नहीं था।
17 अगस्त की आखिरी रात और बड़की माई से विदाई
आखिर वो अंतिम रात 17 अगस्त की रात आ ही गई जिस रात को मीटिंग में डा. साहब ने आगामी कल की योजना का खुलासा किया। 17 अगस्त को देर रात मीटिंग से निकलकर अपने घर न जाकर अपनी बड़की माई स्व. चन्द्रदीप बो उपाध्यायिन के यहां ही भोजन किए और खाते-खाते उनसे बोले कि “बड़की माई आप के हाथ से परोसा हुआ आपके यहां यह आखिरी बार खाना खा रहा हूं। कल से नहीं आऊंगा।” पंडिताइन जी सोची कि लगता है कि घर के किसी सदस्य ने कुछ कह दिया जो बात इसको चुभ गई है। वह रामबदन जी के पीठ को सहलाते हुए वात्सल्य भाव से बोलीं “बेटवा जब तक मैं जिन्दा हूं यह घर तुम्हारा भी है तथा तुम्हारी बड़की की ही इस घर में चलेगी। कल से अपनी पसन्द बताना वही तुम्हारे लिए बनाउंगी। तुम्हें खाना खाने जरूर आना है।” लेकिन यह किसको पता था कि यही सत्य है, नियति का लेख है। शायद यह बात बड़की माई से रामबदन जी नहीं बल्कि उनके जिह्वा पर बैठकर सरस्वती माई कह गईं जो सत्य और अकाट्य हुई।
18 अगस्त 1942: मुहम्मदाबाद तहसील की ओर ऐतिहासिक कूच
अगले दिन 18 अगस्त सन् 1942 दिन मंगलवार को सभी लोग खासकर महरावल दस्ते के सदस्य मिडिल स्कूल पर इकट्ठा हुए और बजरंगबली का जयकारा लगाते हुए भारत माता की जय, भगवती माई के जय की हुंकार भरते हुए महाबीर मन्दिर पर पहुंच कर सफलता का आशीष मांग ही रहे थे कि वहां के पुजारी जी ने कहा कि आज का दिन दिशासूल का है आप लोग कल जाएंगे तो ज्यादा अच्छा होगा और कार्य की सिद्धि भी अवश्यमेव होगी। लेकिन उनकी सलाह को अनसुना करते हुए जत्था आगे चल पड़ा। कारवां बढ़ता चला हुजूम बढ़ता गया। अमहरौली पहुंचते-पहुंचते हजारों से ज्यादा का समूह हो गया।
तहसील परिसर में तिरंगे के लिए डटी भीड़ और अंग्रेजी हुकूमत की चेतावनी
तहसील के मुख्यद्वार से भारत माता की जय, देश को आजाद करो, अंग्रेजों भारत छोड़ो, महात्मा गांधी जिन्दाबाद, पुलिस हमारे भाई हैं इनसे नहीं लड़ाई है नारों का उद्घोष करते हुए महरावल दस्ता जब निर्भय आगे बढ़ने लगा तो तहसीलदार खुदबखुद हाथ में पिस्टल लहराते हुए लगातार चेतावनी देने लगा कि अपने-अपने घर लौट जाओ नहीं तो सब मारे जाओगे। न तिरंगा झुका न ही तिरंगा हाथ में लिए लोग रुके।
गोलियों की बौछार और आठ युवाओं का बलिदान
अंततः गोलियों की तड़तड़ाहट से चारों तरफ धुंआ ही धुंआ भर गया, अफरा तफरी मच गई, देखते ही देखते आठ लोग खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गए। छह लोगों के तो वहीं पर प्राण पखेरू उड़ गए, तीन लोगों के शरीर खून की धारा प्रवाहित हो रही, उसमें भी दो लोगों का रामबदन उपाध्याय जी और वंशनारायण राय जी का पूरा शरीर छलनी हो गया था। लेकिन सांसें चल रही थी। कलेक्टर को तार करके तहसीलदार ने इनको गाजीपुर जेल भिजवाया। जेल में जो भी इनकी मरहम पट्टी की गई हो, इलाज किया गया हो, लेकिन हालत बिगड़ती ही गई। दूसरे दिन जिला अस्पताल ले जाते समय दोनों लोग रामबदन उपाध्याय जी एवं वंशनारायण राय जी अपनी-अपनी अमर गाथा को अमर करते हुए सदा-सदा के लिए भारतमाता की गोद में समाहित हो गए।
अमर शहीद रामबदन उपाध्याय को नमन
“अजल से वे डरें जीने को जो अच्छा समझते हैं।
मियां! हम चार दिन की जिन्दगी को क्या समझते हैं?”
लेखक – डा. जयशंकर शेरपुरवासी
वर्तमान में निवास – लखनऊ
संपर्क सूत्र- 6394192621
