राकेश टिकैत भी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचेंगे, चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को दिया समर्थन

rakesh

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राकेश टिकैत ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन में हिस्सा लेने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही किसान संगठन ने भी इस आंदोलन को पूरा सपोर्ट देने की बात कही है।

बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को दिल्ली में बड़ी रैली का आह्वान किया है। पहले से कई राजनीतिक पार्टियां इनके साथ खड़ी थीं, अब किसान संगठन के जुड़ने से इस प्रदर्शन का दायरा और बढ़ गया है।

टिकैत बोले-युवाओं में जबरदस्त जोश है
राकेश टिकैत ने कहा कि  किसान संगठन अपने-अपने स्तर पर इस आंदोलन का हिस्सा बनेंगे। जो लोग दिल्ली जाना चाहें, वे जंतर-मंतर पहुंचें। और जो दिल्ली नहीं जा पाएं, वे अपने जिला मुख्यालय पर ही धरना दें और वहीं ज्ञापन सौंप दें। टिकैत ने साफ कहा कि हर जिले में डीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देना है।

‘संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं’
उन्होंने कहा कि हम सब संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। युवाओं को एकजुट होना होगा। धीरे-धीरे पूरा देश खड़ा होगा।टिकैत ने कहा कि गुरुवार को वे बिहार में थे और आज पुणे में रहेंगे। वहां रात को युवाओं के एक प्रोटेस्ट में शामिल होंगे। 10 अक्टूबर को वे किसी एक जिले के आंदोलन में जरूर हिस्सा लेंगे।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सीजेपी ने राकेश टिकैत के इस बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। पार्टी ने लिखा कि किसान भी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर आ रहे हैं और इसे युवाओं और जेन-जी के आंदोलन को मिली बड़ी ताकत बताया है।