पंजाब चुनाव: AAP ने जारी की 31 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, लालजीत भुल्लर और अनमोल गगन मान समेत कई विधायकों के कटे टिकट

aap

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए 31 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में गुरदासपुर, पठानकोट और अमृतसर नॉर्थ जैसी कई महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं। पार्टी ने इस बार कई चौंकाने वाले फैसले लेते हुए मौजूदा विधायकों और मंत्रियों के टिकट काटे हैं, जबकि दो सांसदों पर भी दांव लगाया है।

किस सीट से किसे मिला टिकट?

आम आदमी पार्टी ने अहम सीटों पर नए और युवा चेहरों पर भरोसा जताया है:

  • सुजानपुर: सरवन सलारिया

  • पठानकोट: रोहित स्याल

  • गुरदासपुर: रमन बहल

  • दीना नगर: शमशेर सिंह

  • कादियान: गुरिकबाल सिंह महल

  • फतेहगढ़ चूड़ियां: हरजोबनजीत सिंह रंधावा (जोबन रंधावा)

  • राजा सांसी: सोनिया मान (पंजाबी अभिनेत्री)

  • मजीठा: तलबीर सिंह गिल

  • अमृतसर नॉर्थ: करमजीत सिंह रिंटू

  • पट्टी: जस्सा पट्टी

लालजीत सिंह भुल्लर का कटा टिकट

पट्टी विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक लालजीत सिंह भुल्लर का टिकट काट दिया गया है, जो फिलहाल जेल में हैं। उनकी जगह पार्टी ने जस्सा पट्टी को मैदान में उतारा है। हालांकि, टिकट कटने की अटकलों के बीच भुल्लर ने एक दिन पहले ही सोशल मीडिया पर ऐलान कर दिया था कि वे न तो निर्दलीय और न ही किसी अन्य पार्टी से चुनाव लड़ेंगे।

इन प्रमुख विधायकों के भी कटे टिकट

  • चमकौर साहिब: पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को हराने वाले डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी की जगह बीएसपी से आए जसवीर सिंह गढ़ी को टिकट दिया गया है।

  • खरड़ (मोहाली): पूर्व मंत्री और गायिका अनमोल गगन मान का टिकट काटकर परमिंदर सिंह गोल्डी को प्रत्याशी बनाया गया है।

  • बठिंडा ग्रामीण: विधायक अमित रतन कोटफट्टा की जगह गोपाल सिंह को टिकट मिला है।

  • लंबी (मुक्तसर): कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुंडियां की जगह उनके रिश्तेदार रणधीर सिंह धीरा को टिकट दिया गया है।

दो सांसदों पर AAP ने खेला दांव

पार्टी ने दो मौजूदा सांसदों को भी विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारा है। संगरूर से सांसद और पूर्व मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला से प्रत्याशी बनाया गया है (वे पहले भी यहां से विधायक रहे हैं)। वहीं, होशियारपुर से सांसद राजकुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है।

फाजिल्का और जालंधर की सीटों पर किसे मिला मौका?

फाजिल्का जिले की अबोहर सीट पर शराब व्यापारी शिवलाल डोडा की बहू सुहानी डोडा को आम आदमी पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

जालंधर और आसपास की सीटों की बात करें तो:

  • भोलाथ: एडवोकेट हरसिमरन सिंह

  • कपूरथला: दविंदर पाल सिंह रांगा

  • फिलौर: हरजोत कौर लोहतिया

  • शाहकोट: बलवीर सिंह पाला जलालपुर

  • जालंधर सेंट्रल: नितिन कोहली

  • जालंधर नॉर्थ: वनीत धीर

  • जालंधर कैंट: दीपक बाली