PoK में पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा विद्रोह: 25 हजार लोगों ने की LoC खत्म करने की मांग

pakistan

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में 9 जून से जारी विद्रोह लगातार उग्र होता जा रहा है। शनिवार (26 सितंबर 2026) को इस विद्रोह के 110वें दिन भारत के जम्मू-कश्मीर के साथ जुड़ने की जोरदार मांग उठी। नियंत्रण रेखा (LoC) से महज 7 किलोमीटर दूर PoK के मंढोल गांव में अवामी एक्शन कमेटी (Awami Action Committee) ने एक बड़ा धरना आयोजित किया, जिसमें करीब 25 हजार से ज्यादा महिलाओं और पुरुषों ने हिस्सा लिया।

धरने के दौरान अवामी एक्शन कमेटी के प्रमुख नेता सरदार अमान खान ने पाकिस्तान द्वारा PoK में 3 महीने से रोकी गई राशन सप्लाई का मुद्दा उठाया और सीधे तौर पर पाकिस्तान को चुनौती दी।

‘क्या खत्म होनी चाहिए LoC?’ 25 हजार लोगों ने कहा- हां

सरदार अमान खान ने मंच से जनसैलाब को संबोधित करते हुए कई सवाल पूछे। उन्होंने भीड़ से पूछा कि क्या PoK और भारत के जम्मू-कश्मीर के बीच खींची गई सीजफायर लाइन (LoC) खत्म होनी चाहिए? इस पर नीचे बैठे 25 हजार लोगों ने एक स्वर में ‘हां’ में जवाब दिया।

अमान खान ने आगे पूछा कि क्या LoC को खत्म करने और भारतीय जम्मू-कश्मीर के पुंछ और मेंढर के रास्तों को खोलने के लिए बॉर्डर पर धरना होना चाहिए? इस पर भी लोगों ने जोरदार समर्थन जताते हुए ‘हां’ का उद्घोष किया।

पाकिस्तानी सेना और ISI पर सीधा हमला

अमान खान ने मंच से पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी ISI को खुली चुनौती दी। उन्होंने बिना नाम लिए ISI के सेक्टर कमांडर ब्रिगेडियर फैक अयूब पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तानी फौज के अफसर समझते हैं कि PoK उनका राज करने वाला इलाका है। लेकिन, PoK के लोग किसी के गुलाम नहीं हैं और न ही कभी गुलामी स्वीकार करेंगे।

उन्होंने पिछले 80 सालों से पाकिस्तानी सेना द्वारा की जा रही ‘लूट’ की पोल खोलते हुए कहा, “पाकिस्तानी सेना ने हमेशा PoK के लोगों को भाई कहकर उनकी जमीनों पर कब्जा किया है। जब LoC पर गोलीबारी होती थी, तो पाकिस्तानी सैनिक छिप जाते थे और PoK के लोग उन्हें बचाते थे। लेकिन इसके बदले में आज हमें क्या मिला? जब जनता ने अस्पताल, स्कूल और रोजगार मांगा, तो उन्हें कातिल घोषित कर 100 से ज्यादा लोगों की हत्या कर दी गई।”

राशन रोके जाने पर फूटा गुस्सा

अमान खान ने पाकिस्तान सरकार की ‘नीच हरकत’ का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 3 महीने से PoK में राशन की सप्लाई रोकी गई है। उन्होंने याद दिलाया कि PoK के लोगों के पूर्वज भारत के मेंढर से राशन लाते थे, लेकिन पाकिस्तान ने फेंसिंग (तारबंदी) लगाकर लोगों को इस्लामाबाद की मंडी पर निर्भर कर दिया। अब बॉर्डर पर राशन रोककर लोगों को सरेंडर करने पर मजबूर किया जा रहा है।

PoK चुनावों में शहबाज शरीफ की धांधली का आरोप

इस धरने में PoK में हाल ही में हुए चुनावों का मुद्दा भी उठा। पिछले महीने PoK की सभी 45 सीटों पर चुनाव होने थे, लेकिन पुंछ और सुधनोती जिले की 7 सीटों पर विद्रोह के कारण मतदान नहीं हो सका। अमान खान ने आरोप लगाया कि 38 सीटों पर मतदान करवाकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) की पार्टी PML-N को धांधली के जरिए 25 सीटें जिता दी गईं। उन्होंने ऐलान किया कि इन 7 सीटों पर पाकिस्तान बिना उनकी मर्जी के कभी चुनाव नहीं करा पाएगा।

‘आजादी से ही आएगी खुशहाली’

PoK की कठपुतली सरकार पर निशाना साधते हुए अमान खान ने कहा कि मुजफ्फराबाद में बैठी सरकार सेना के अत्याचारों पर एक शब्द नहीं बोल सकती। उन्होंने अपने भाषण के अंत में कहा कि PoK की कई पीढ़ियां पाकिस्तान की गुलामी झेल रही हैं, लेकिन इस क्षेत्र में खुशहाली तभी आएगी जब यह पाकिस्तान के चंगुल से आजाद होगा। अमान खान ने चेतावनी दी कि पाकिस्तान ने PoK पर जो जंग थोपी है, यहां की जनता उसका डटकर मुकाबला करेगी।