IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में पीएम मोदी: बोले- सेमीकंडक्टर से स्पेस सेक्टर तक युवाओं ने तोड़ी सीमाएं

pm-modi-speech

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के आईआईटी खड़गपुर में आयोजित प्लेटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लिया। कलाईकुंडा वायुसेना अड्डे पर उतरने के बाद वे सड़क मार्ग से परिसर पहुंचे। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में स्थित यह संस्थान वर्ष 1951 में स्थापित हुआ था और यह देश का पहला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) है।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “बंगाल में आइडियाज को बल मिलता है। आईआईटी खड़गपुर के इस हीरक जयंती समारोह में आज मेरे सामने भारत का अतीत, वर्तमान और भविष्य—तीनों एक साथ जुड़े हुए हैं।” उन्होंने कहा कि राष्ट्र अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे अपनी सोच की सीमाएं तोड़ते हैं और भारत ने दुनिया को ‘ब्रेक द लिमिट्स, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज’ का संदेश दिया है।

सेमीकंडक्टर मिशन और 50 साल पुराना जिक्र

संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने देश में चिप निर्माण को लेकर पुरानी नीतियों पर निशाना साधा। उनके मुताबिक, करीब 50 साल पहले एक कंपनी भारत में सेमीकंडक्टर बनाने के लिए आई थी, लेकिन उस समय उसे लाल झंडी दिखाकर वापस भेज दिया गया।

मोदी ने कहा कि जब उन्होंने देश में सेमीकंडक्टर मिशन शुरू करने की बात कही, तो कई लोगों ने इसे देर से उठाया गया कदम बताया। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने मिशन को आगे बढ़ाया और आज भारत ने चिप का निर्यात करना शुरू कर दिया है।

गरीबी उन्मूलन और शौचालय निर्माण पर विपक्ष को घेरा

गरीबी उन्मूलन पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब 20 साल पहले तक देश में गरीबी को एक स्थायी समस्या माना जाता था। पांच दशक पहले भी लाल किले से गरीबी हटाने के नारे दिए जाते थे, लेकिन नीतियां बनाने के नाम पर व्यवस्था केवल फाइलें तैयार कर बैठ जाती थी।

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने लाल किले से देश में शौचालय बनाने की घोषणा की, तो संसद में कुछ लोगों ने इसका मजाक उड़ाया था। मोदी के अनुसार, पिछले 12 वर्षों में सरकार ने ‘पावर टू एम्पावर’ के सिद्धांत पर काम किया है। विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 से 13 वर्षों में भारत में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।

स्पेस सेक्टर में स्टार्टअप और स्काईरूट का उदाहरण

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने देश के अंतरिक्ष क्षेत्र को युवाओं के लिए खोल दिया है, जिसके कारण आज कई नए स्पेस स्टार्टअप काम कर रहे हैं। उन्होंने आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र पवन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने स्काईरूट एयरोस्पेस की स्थापना की और भारत का पहला निजी रॉकेट लॉन्च किया।

संस्थान के 75 वर्षों के सफर को याद करते हुए मोदी ने कहा कि इस दौरान भारत ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाक पत्रों से सोशल मीडिया संदेशों तक की यात्रा तय की है। आईआईटी खड़गपुर के छात्रों और पूर्व छात्रों ने देश के अंतरिक्ष व परमाणु ऊर्जा कार्यक्रमों में बड़ा योगदान दिया है।

100 वर्ष पूरे होने तक ‘विकसित भारत’ का आह्वान

प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं चुनौतियों को चुनौती देने से खुद को रोक नहीं सकता। अक्सर लोग खुद ही अपने लिए सीमाएं तय कर लेते हैं।” उन्होंने युवाओं से ‘नेशन फर्स्ट’ (राष्ट्र प्रथम) की भावना के साथ आगे बढ़ने को कहा।

मोदी ने आईआईटी खड़गपुर के विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों से आह्वान किया कि वे इस संकल्प के साथ काम करें कि जब संस्थान अपने 100 वर्ष पूरे करे, तब भारत एक विकसित राष्ट्र बन चुका हो।