‘नेताओं का ब्लड टेस्ट हो…’, बच्चियों की सुरक्षा और नशे पर पप्पू यादव

pappu yadav

बिहार में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के मुद्दे पर सियासत एक बार फिर तेज हो गई है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने राज्य में हाल ही में सामने आए महिला उत्पीड़न और हिंसा के मामलों को लेकर सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने समाज में नशे की बढ़ती लत को अपराध का मुख्य कारण बताते हुए यहां तक कह दिया कि अगर सरकार के मंत्रियों और नेताओं का ब्लड टेस्ट कराया जाए, तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।

‘मंत्री और नेता करते हैं गांजा-शराब का सेवन’

पप्पू यादव ने बिहार सरकार के मंत्रियों और राजनीतिक नेताओं पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के कुछ मंत्री और नेता नियमित रूप से गांजा और शराब का सेवन करते हैं।

पूर्णिया सांसद ने मांग करते हुए कहा, “इन लोगों का ब्लड टेस्ट कराया जाना चाहिए। अगर जांच हुई तो बहुत सारी सच्चाइयां खुद-ब-खुद सामने आ जाएंगी।” पप्पू यादव के इस बयान के बाद बिहार के सियासी गलियारों में एक नई बहस छिड़ गई है।

‘रॉड से बच्चियों को मारा, 95% युवा ड्रग्स की गिरफ्त में’

जमुई, बांका, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में हुई हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि आज किसी भी गांव-गली की बेटी सुरक्षित नहीं है।

उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में रॉड से बच्चियों को मारा गया है। मेरा सीधा सवाल है कि ऊपर से नीचे तक नेता से लेकर अंतिम व्यक्ति तक, 95% यूथ (युवा) ड्रग्स ले रहे हैं, तो बच्ची सुरक्षित कहां से होगी? जब स्कूल से निकली बच्चियां सुनसान सड़कों से गुजरेंगी तो ड्रग्स और चरस पीने वाले मनचले उन्हें नहीं छेड़ेंगे, क्या आपको ऐसा लगता है?”

शिक्षा और प्रशासनिक महकमे पर भी गंभीर आरोप

सांसद ने महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने प्रशासनिक और शिक्षा व्यवस्था में पनप रहे भ्रष्टाचार और शोषण पर तीखा वार किया।

पप्पू यादव ने कहा, “शिक्षक यौन शोषण कर रहे हैं, शिक्षिकाओं का शोषण हो रहा है। सिपाहियों का यौन शोषण सीनियर पदाधिकारियों द्वारा किया जा रहा है और नर्सों के साथ भी यही हो रहा है। इस पूरी व्यवस्था में किसी की जवाबदेही तय ही नहीं हो रही है, जिससे अपराधियों और मनचलों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है।”

पप्पू यादव ने सरकार से महिला सुरक्षा और नशा मुक्ति के मोर्चे पर ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।