पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में की एयरस्ट्राइक: कुनार और पक्तिका में लड़ाकू विमानों ने बरसाए बम, 3 नागरिकों की मौत
मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर सैन्य टकराव एक बार फिर बढ़ गया है। पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने सोमवार तड़के अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में हवाई हमले किए। अफगान मीडिया आउटलेट ‘टोलो न्यूज’ के मुताबिक, पूर्वी कुनार प्रांत में हुए हवाई हमले में कम से कम 3 नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। वहीं, पक्तिका प्रांत में भी पाकिस्तानी विमानों ने बमबारी की है।
हमलों को लेकर अभी तक पाकिस्तानी सेना या सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
कुनार और पक्तिका में रिहायशी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा
स्थानीय सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि सोमवार तड़के पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने अफगानिस्तान के कई क्षेत्रों में एयरस्ट्राइक की।
पक्तिका प्रांत के बरमल जिले स्थित राखा और तोरकंडी इलाकों में दो अलग-अलग हमले दर्ज किए गए। इनमें से एक हमले में एक खाली मकान को निशाना बनाया गया, जबकि दूसरे हमले में एक पुरानी दुकान क्षतिग्रस्त हुई। पक्तिका में संपत्ति को नुकसान की पुष्टि हुई है, लेकिन वहां किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दूसरी ओर, कुनार प्रांत में हुए हवाई हमले में 3 लोगों के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
अप्रैल से जून के बीच 399 नागरिक हताहत: UNAMA
अफगानिस्तान में पाकिस्तानी सेना की सीमा पार सैन्य कार्रवाइयों को लेकर संयुक्त राष्ट्र पहले भी चिंता जता चुका है। अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (UNAMA) ने अप्रैल से जून 2026 की अवधि के लिए मानवाधिकारों पर जारी अपनी रिपोर्ट में कहा कि सीमा पार सशस्त्र हिंसा में 1 अप्रैल से 30 जून के बीच 399 नागरिक हताहत (57 मृत और 342 घायल) दर्ज किए गए।
यूएनएएमए के आंकड़ों के अनुसार:
-
मृतकों और घायलों में 40 महिलाएं (6 मृत) और 112 बच्चे (26 मृत और 86 घायल) शामिल थे।
-
रिपोर्ट में कहा गया कि इन हताहतों के मुख्य कारण सीमा पार से किए गए हवाई हमले और जमीनी स्तर पर हुई गोलीबारी थी।
-
संयुक्त राष्ट्र मिशन ने स्पष्ट किया कि अप्रैल से जून की अवधि के दौरान दर्ज सभी सीमा पार नागरिक हताहतों के लिए पाकिस्तानी सुरक्षा बल जिम्मेदार थे, जिनमें पक्त्या, पक्तिका और कुनार प्रांत सबसे अधिक प्रभावित रहे।
-
इससे पहले जनवरी से मार्च 2026 के दौरान भी सीमा पार हिंसा में 750 से अधिक नागरिकों के मारे जाने या घायल होने का दस्तावेजीकरण किया गया था।
एक दिन पहले हंगू में मारे गए थे पाकिस्तानी सेना के 6 जवान
अफगानिस्तान में यह एयरस्ट्राइक ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले, 20 सितंबर को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा स्थित हंगू जिले में सुरक्षा बलों के काफिले पर हमला हुआ था।
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी थी कि ‘फितना-अल-ख्वारिज’ से जुड़े आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई में 8 चरमपंथियों को मार गिराया गया था। हालांकि, उस भीषण मुठभेड़ में दो सैन्य अधिकारी— कैप्टन अबूजर फारूक और लेफ्टिनेंट शेराज बाबर— समेत पाकिस्तानी सेना के कुल 6 जवानों की मौत हो गई थी।
