September 16, 2026

न्यूयॉर्क में मोहन भागवत: ‘कृष्ण चेतना ही दुनिया को जोड़ सकती है’

mohan

न्यूयॉर्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘ग्लोबल आउटरीच कार्यक्रम’ के तहत सरसंघचालक मोहन भागवत इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। अपने इस अहम दौरे के बीच भागवत ने न्यूयॉर्क स्थित इस्कॉन (ISKCON) मंदिर का दौरा किया। यहां उन्होंने वैश्विक स्तर पर मौजूद टकरावों और विरोधाभासों के समाधान के रूप में ‘कृष्ण चेतना’ का संदेश दिया।

भागवत ने कहा कि दुनिया में चाहे कितनी भी विविधताएं और मतभेद क्यों न हों, असल में सब कुछ ‘कृष्ण’ ही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर यह विचार हर व्यक्ति तक पहुंच जाए, तो दुनिया बहुत बेहतर बन जाएगी।

‘एक चेतना ही सिखाती है कि हम सभी एक हैं’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा कि दुनिया में कई तरह के टकराव हैं, लेकिन ऐसे वक्त में एक चेतना ही सभी लोगों को आपस में जोड़ सकती है। उन्होंने कहा कि यह ‘कृष्ण चेतना’ ही है जो लोगों को एकजुट कर सकती है और यह सिखाती है कि हम सभी एक हैं। उनके मुताबिक, अगर यह संदेश दुनिया तक पहुंचता है, तो यह मौजूदा भौतिक दुनिया से अलग और हर इंसान के लिए स्वर्ग जैसी जगह होगी।

कॉरपोरेट के उदाहरण से समझाया काम का उद्देश्य

अपनी बात को स्पष्ट करने के लिए RSS प्रमुख ने एक कंपनी का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि किसी कंपनी के मालिक, सीईओ (CEO), डायरेक्टर और कई कर्मचारी होते हैं। सभी की जिम्मेदारियां अलग होती हैं, लेकिन सबका मकसद एक ही होता है। अगर सभी को यह पता हो कि वे एक ही लक्ष्य के लिए काम कर रहे हैं, तो उनका काम ज्यादा जल्दी और बेहतर तरीके से होगा।

भागवत ने कहा कि इसी तरह दुनिया में लोगों के काम के तरीके अलग हो सकते हैं, लेकिन कृष्ण चेतना से सभी एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं। सभी को यह समझना होगा कि वे जो भी काम कर रहे हैं, उसका मूल उद्देश्य एक ही है।

संघ का शताब्दी वर्ष और बेघरों के लिए खाद्यान्न वितरण

अपने संबोधन में भागवत ने संघ की 100वीं वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए कहा कि RSS भी इसी चेतना को समाज में फैलाने का काम करता है। इस्कॉन मंदिर में अपने स्वागत के लिए आयोजकों का आभार जताने के बाद, उन्होंने जमीनी स्तर पर सेवा कार्यों में भी हिस्सा लिया।

RSS सरसंघचालक ने न्यूयॉर्क शहर में 26 सेकेंड एवेन्यू (26 2nd Avenue) का दौरा किया। यहां उन्होंने शहर में बेघर लोगों की मदद करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे खाद्यान्न वितरण समारोह में शिरकत की और लोगों को भोजन वितरित किया।