October 4, 2026

‘लगा विमान में खराबी आ गई, फिर समझ आया मुझ पर हमला हुआ है’— फ्लाईदुबई के घायल कैप्टन स्मित ने सुनाई कॉकपिट की दास्तान

smit

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर ने कॉकपिट के भीतर हुए खौफनाक संघर्ष का ब्योरा दिया है। अस्पताल में भर्ती कैप्टन स्मित ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत के दौरान बताया कि कैसे गंभीर रूप से लहूलुहान और आंखों के सामने अंधेरा छा जाने के बावजूद उन्होंने विमान का दरवाजा खोला और सैकड़ों लोगों को मौत के मुंह से बाहर निकाला।

‘नमाज पढ़ रहा था को-पायलट, अचानक पीछे से हुआ वार’

कैप्टन स्मित के मुताबिक, बुधवार को उड़ान के दौरान सब कुछ सामान्य था। उनका को-पायलट कॉकपिट में पीछे बैठकर नमाज पढ़ रहा था, जो उनके लिए कोई असामान्य बात नहीं थी। साथी पायलट के प्रति सम्मान दिखाते हुए स्मित आगे की ओर देखते हुए विमान संचालन पर ध्यान दे रहे थे।

चार से पांच मिनट बाद अचानक उनके सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार वार हुआ। शुरुआत में स्मित को लगा कि विमान में कोई बड़ी तकनीकी खराबी या विस्फोट हुआ है।

उन्होंने कहा, “मेरा पहला विचार यही था कि विमान को कोई भयानक नुकसान पहुंचा है और कुछ बहुत गलत हुआ है।”

इसके बाद सिर पर दूसरा और फिर तीसरा वार हुआ। तब जाकर उन्हें असलियत का अहसास हुआ कि विमान में खराबी नहीं आई, बल्कि कॉकपिट में उनके पीछे मौजूद शख्स ही उन पर जानलेवा हमला कर रहा है।

17,000 फीट नीचे गिरा विमान, चीख रहे थे यात्री

शुरुआती वार इतने घातक थे कि कैप्टन स्मित का शरीर सुन्न पड़ गया। उन्होंने हमलावर को रोकने की कोशिश की, लेकिन सिर में गहरी चोट की वजह से उनकी आंखों के आगे पूरी तरह धुंधलापन छा गया और दिखना लगभग बंद हो गया।

विमान उस वक्त करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। हाथापाई के दौरान विमान ने आपातकालीन सिग्नल भेजे और अचानक 17,000 फीट से अधिक नीचे गोता लगाने लगा।

कैप्टन स्मित ने उस पल को याद करते हुए बताया, “हवा की सनसनाहट की तेज आवाज आ रही थी और पीछे यात्रियों की चीखें सुनाई दे रही थीं।”

खून से लथपथ होकर कॉकपिट के फर्श पर गिरने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने कहा, “मैंने खुद से कहा कि मेरे भीतर अब भी एक आखिरी लड़ाई बाकी है। अगर मैं कुछ नहीं करता तो मैं मरने वाला था। मैंने अपनी बची-खुची पूरी ताकत झोंक दी और दरवाजे की तरफ बढ़कर उसे खोल दिया।”

दरवाजा खुलते ही बाहर मौजूद क्रू और मुसाफिर फौरन कॉकपिट में घुसे और हमलावर को काबू में किया। इसके बाद बोइंग 737-8 विमान को सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुल अजीज एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। विमान में 27 बच्चों सहित 174 यात्री सवार थे।

नेतन्याहू ने कहा ‘दुनिया का हीरो’, स्वतंत्रता दिवस पर दिया न्योता

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अस्पताल में भर्ती कैप्टन से बात करते हुए उनके साहस और शांत निर्णय क्षमता की सराहना की। नेतन्याहू ने कहा, “आपने बहुत सी जानें बचाई हैं। आप भारत, इजरायल और पूरी दुनिया के सच्चे हीरो हैं।”

नेतन्याहू के कार्यालय द्वारा जारी वीडियो के मुताबिक, उन्होंने कैप्टन स्मित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले साल मई में इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित करने की इच्छा जताई है। इजरायल में यह सम्मान आमतौर पर केवल वहां के नागरिकों को ही दिया जाता है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित से बात कर उनकी बहादुरी और दृढ़ संकल्प की सराहना की थी।

मूल रूप से मुंबई के रहने वाले 35 वर्षीय कैप्टन स्मित 13 साल से अधिक समय से विमान उड़ा रहे हैं। उनके पास 9,500 से अधिक घंटों की उड़ान का अनुभव है। स्पाइसजेट में बतौर लाइन ट्रेनिंग कैप्टन काम करने के बाद वे जून 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े थे। उनके भाई भी फ्लाईदुबई में ही पायलट हैं।

जांच में आतंकी साजिश की पुष्टि, को-पायलट पर पहले भी था शक

मामले की जांच कर रहे यूएई प्रशासन ने शनिवार को बताया कि प्राथमिक जांच में यह एक ‘आतंकी कृत्य’ (terrorist act) की कोशिश साबित हुई है। यूएई के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी के अनुसार, को-पायलट ने कॉकपिट में रखी कुल्हाड़ी (crash axe) से कैप्टन पर हमला कर विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश की थी।

मीडिया रिपोर्टों में हमलावर की पहचान ओमानी नागरिक हम्माम अल-हम्मामी के रूप में हुई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि बाकी है। ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ और ‘सीएनएन’ की रिपोर्टों के अनुसार, हमलावर को उसके कट्टरपंथी वैचारिक विचारों के चलते पूर्व में ओमान में उड़ान भरने से रोका गया था और पायलट ट्रेनिंग से भी हटाया गया था। जांच एजेंसियां अब उसके संपर्कों और हमले के पीछे के मकसद की पड़ताल कर रही हैं।