ट्रंप का अजीबोगरीब ऑफर: UFC चीफ डाना व्हाइट को बनाना चाहते थे व्हाइट हाउस का प्रेस सेक्रेटरी, जानिए क्यों ठुकराया?

usa

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म इलेक्शन 2026 के बाद एक ऐसा फैसला लिया है जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। ट्रंप ने अपने 25 साल पुराने दोस्त और अल्टीमेटम फाइटर चैम्पियनशिप (UFC) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डाना व्हाइट को व्हाइट हाउस में प्रेस सेक्रेटरी बनने का बड़ा ऑफर दिया है। हालांकि, डाना व्हाइट ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि उन्होंने डाना व्हाइट को अमेरिका का प्रेस सेक्रेटरी बनने का ऑफर दिया है। ट्रंप ने उनकी तारीफ करते हुए उन्हें फाइटर और योद्धा बताया। इसके साथ ही उन्होंने मजाकिए अंदाज में लिखा कि वे आएं और अपने साथ 6 असिस्टेंट भी लेकर आएं, जिसमें इस्लाम मखाचेव, खबीब नूरमगोमेदोव, जस्टिन गेथजे, डेनियल कॉर्मियर, अमांडा नून्स और कायला हैरिस जैसे जाने-माने फाइटर्स शामिल हों।

विपक्ष ने कसा तंज, निशाने पर आए ट्रंप

ट्रंप के इस अजीबोगरीब ऑफर के बाद अमेरिकी विपक्ष हमलावर हो गया है और उन पर तीखा कटाक्ष किया है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि प्रशासन चलाने और प्रेस सचिव जैसे गंभीर पद के लिए इस तरह की बातें हास्यास्पद हैं। विपक्ष ने तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि “डाना प्लीज ट्रंप साहब की नौकरी एक्सेप्ट कर लीजिए, कट्टर वामपंथियों से सरकार की रक्षा करने के लिए आपकी और आपके लोगों की जरूरत है।”

व्हाइट हाउस में प्रेस सचिव का पद पिछले कुछ समय से उथल-पुथल से गुजर रहा है। बीते अगस्त में कैरोलिन लेविट ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए इस पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके बाद केटी जकारिया ने जिम्मेदारी संभाली, लेकिन महज 5 दिन के भीतर ही उन्होंने भी पद छोड़ दिया, जिसके बाद से यह पद खाली चल रहा है। व्हाइट हाउस में प्रेस सेक्रेटरी का काम न केवल पत्रकारों के तीखे सवालों के जवाब देना होता है, बल्कि राष्ट्रपति और सरकार का पक्ष मीडिया के सामने रखना और फैसलों का बचाव करना भी होता है।

डाना व्हाइट को क्यों बनाना चाहते थे ट्रंप?

सूत्रों के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप डाना व्हाइट के कम्युनिकेशन स्टाइल और उनके बेबाकी से जवाब देने के अंदाज के मुरीद हैं। प्रेस सेक्रेटरी के पद पर रहते हुए मीडिया के आक्रामक रुख का सामना करना पड़ता है, और ट्रंप मानते हैं कि डाना जिस आत्मविश्वास के साथ संवाद करते हैं और दबाव में शांत रहते हैं, वह इस भूमिका के लिए एकदम उपयुक्त हैं। डाना व्हाइट ने अपनी कड़ी मेहनत से UFC को दुनिया का सबसे बड़ा मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) ब्रांड बनाया है, जिससे उनके पास बड़े ग्लोबल ब्रांड को संभालने का लंबा अनुभव भी है।

क्यों ठुकराया डाना व्हाइट ने ऑफर?

ट्रंप के इस प्रस्ताव को डाना व्हाइट ने तुरंत खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं है। उनका पूरा ध्यान केवल UFC और उसकी मूल कंपनी TKO ग्रुप को बुलंदी पर बनाए रखने पर है।

व्हाइट के लिए UFC सिर्फ कोई नौकरी या कंपनी नहीं, बल्कि उनका खड़ा किया हुआ साम्राज्य है, जिसे उन्होंने 25 साल की खून-पसीने की मेहनत से वैश्विक पहचान दिलाई है। यही वजह है कि उन्होंने व्हाइट हाउस की राजनीति से दूर रहना ही बेहतर समझा और अपनी खेल की दुनिया में ही बने रहने का फैसला किया।