CJP Protest Live: यूट्यूबर ध्रुव राठी हिरासत से रिहा, मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए जाएंगे दीपके और रांका
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन को लेकर रविवार सुबह राजधानी में प्रशासनिक और कानूनी हलचल तेज हो गई है। जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में धारा 163 लागू कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को हिरासत में लिए गए यूट्यूबर ध्रुव राठी को देर रात छोड़ दिया है। वहीं, एहतियातन हिरासत (प्रिवेंटिव डिटेंशन) में लिए गए CJP के शीर्ष नेताओं—अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने की तैयारी है।
ध्रुव राठी रात में छूटे, दोबारा शामिल होने पर कार्रवाई की चेतावनी
गुरुग्राम स्थित आवास से हिरासत में लिए गए यूट्यूबर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने रात में ही रिहा कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, राठी को हिदायत दी गई है कि यदि वे दोबारा जंतर-मंतर या किसी प्रतिबंधित इलाके में विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने पहुंचते हैं, तो उनके खिलाफ फिर से कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश होंगे CJP के तीन प्रमुख नेता
शनिवार को हिरासत में लिए गए CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, सह-संयोजक सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका की औपचारिक पेशी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दिल्ली पुलिस तीनों नेताओं को दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन स्थित स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करेगी। इन सभी को शांति भंग की आशंका के मद्देनजर प्रिवेंटिव अरेस्ट के तहत रखा गया है।
जंतर-मंतर की घेराबंदी, धारा 163 लागू और दुकानें बंद
सीजेपी के रविवार को भी प्रदर्शन जारी रखने के आह्वान को देखते हुए नई दिल्ली जिले में सुरक्षा घेरा पहले से अधिक मजबूत कर दिया गया है। जंतर-मंतर और कनाट प्लेस से जुड़े कई रास्तों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों और पैदल आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इलाके में धारा 163 लागू होने के कारण चार या उससे अधिक लोगों के एक जगह जुटने पर रोक है। एहतियात के तौर पर कई बाजारों में दुकानें भी बंद रखी गई हैं।
दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य, सड़कों पर जाम की आशंका
रविवार सुबह दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के नेटवर्क पर सभी स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट सामान्य रूप से खुले हैं और मेट्रो परिचालन सुचारू है। सड़कों पर जगह-जगह लगी पुलिस पिकेट और बैरिकेड्स की वजह से मध्य व नई दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन रही है। ट्रैफिक पुलिस ने कई चौराहों पर डायवर्जन लागू करते हुए यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
