ब्रज की पहचान है रसिया: जानिए सदियों पुरानी इस लोकपरंपरा का इतिहास, हाथरसी और लंगुरिया का अनूठा संसार
लेखक: डॉ. जयशंकर
रसिया ब्रज क्षेत्र की एक सुप्रसिद्ध, प्राचीनतम लोकगीत है। इसकी आवाज़ सुर -ताल- लय और गायकी के मोहक अंदाज से संपूर्ण वातावरण मस्ती, आनंदमय उल्लास से सराबोर हो उठता है। इसकी किसी भी उत्सव, त्योहार, होली या साधारण दिनों में भी मथुरा, बरसाना, नंदगाव, आगरा,अलीगढ़, हाथरस, हरियाणा प्रदेश के पलवल, राजस्थान के भरतपुर आदि क्षेत्रों में सदैव धूम रहती है। इसका मुख्य आधार विषय राधाकृष्ण का प्रेम, उनके प्रेम की अनंत कलाएं, कृष्ण के प्रति अन्य ग्वाल, ग्वाल – बालाओं और गोपों का लगाव, चुहुलबाजी तथा अंतरंगता ही है। इसकी व्युत्पत्ति संस्कृत के रस शब्द से हुई है जिसका अर्थ है भाव, प्रेम तथा आनंद है। संस्कृत के आचार्य जगन्नाथ ने रस शब्द की व्याख्या करते हुए लिखा है कि “रसो वै आनन्द:” अर्थात आनन्द ही रस है, जिसमे पूरा तन-मन एक विशेष भाव से भीग जाता है उसी को रस कहतें हैं। जिन नौ रसों का संस्कृत व्याकरण और सहित्य में वर्णन मिलता है उन सभी रसों का राजा श्रृंगार रस को माना गया है। इसलिए श्रृंगार रस को रसराज की उपाधि से नवाजा गया है। इसी शब्द से रसिया बना है। यह स्वाद भावना तथा सार का सौंदर्यबोध है। मूल रूप से इसका शाब्दिक अर्थ है रस का पारखी, दिव्यप्रेम का स्रोत है।रसिया नामक लोकगीत में राधा-कृष्ण, गोपियों के प्राकृतिक अल्हड़पन तथा उनके कल्पातीत प्रेम का वर्णन मिलता है। जो रसिक रस के सौष्ठव, उसके मर्म विशेष को जानते हैं, उसमें सदैव भावविभोर रहत हैं उसे ही संज्ञावाचक रूप में रसिया कहते हैं। रसिया शब्द का प्रयोग मुख्य रूप प्रेमाधिपति ब्रजबिहारी गोकुलानंद बंसी बजाते समय उसके स्वर माधुर्य में डूब जाने पर त्रिभंगी , नटराज, कन्हैया, यशोदानन्दन ब्रजराज द्वारिकाधीश, प्रेमाधिराज नटखटाधिपति भगवान कृष्ण को जो अपनी बंशी के धुन पर संपूर्ण ब्रज क्षेत्र को तरंगायित, आंदोलित और भावाविभोर कर देते हैं। आमभाषा में रसिया वह है जो सुधबुध खोकर भावविभोर होकर उसका रसपान करता है।

भक्तिकाल में रसिया का उद्भव और कृष्णभक्ति परंपरा का योगदान
रसिया लोकगीत का उद्भव ब्रजभूमि से हुआ है तथा यह मूल रूप से भगवान श्री कृष्ण और राधा के प्रेम व उनकी बाल लीलाओं के प्रसंगों को समर्पित है। इसकी रचना मुख्य रूप से ब्रज भाषा में हुई है जो पंद्रहवीं,सोलहवीं, सत्तरहवीं शताब्दी में भक्ति आंदोलन के दौरान उत्तर भारत की लोक संस्कृति और काव्य की भाषा बनकर उभरी। यह प्राचीन काल से ग्रामीण अंचलों, मंदिरों और उत्सवों विशेषकर होली के दरम्यान गोपियों तथा श्रीकृष्ण के संवादों पर आधारित लोकगायन की परंपरा रही है जिससे “रसिया” लोकगीत का जन्म हुआ। भक्तिकाल में मुख्यरूप से भक्ति की तीन शाखाओं रामभक्ति शाखा, कृष्ण भक्ति शाखा और निर्गुण भक्ति शाखा का विकास हुआ। इनको दूसरी तरह से रामाश्रयी, कृष्णाश्रयी तथा निर्गुणाश्रयी भक्ति शाखा कहते हैं।रामाश्रयी शाखा के शीर्ष भक्तसम्राट कवि गोस्वामी तुलसीदास एवं अन्य कवियों ने जिस तरह अपने परमाराध्य पाणौं महासायक चारूचापं श्रीराम और जगतमाता सीता का गुणगान किया है, उसी तरह से कृष्णाश्रयी शाखा के अपने अन्त:चक्षु से प्रतिपल अपने परमपुरुष का दरस-परस करने वाले महाकवि श्री सूरदास (पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के आठ कवि अष्टछाप में शामिल थे, बल्लभाचार्य के चार शिष्य कुंभनदास, नंददास,परमानंद दास, कृष्णदास और गोस्वामी विठ्ठलदास के चार शिष्य गोविन्द स्वामी, छीतस्वामी, चतर्भुजदास, सूरदास शामिल थे।) सहित सभी कवियों ने अष्टयाम सेवा और अन्य उत्सवों के लिए जो पद लिखे वे ही ब्रज के पारंपरिक रसिया गीतों के प्राण हैं। सूरदास सहित ठाकुर जी की अष्टयाम सेवा और फाग, होली से संबंधित जिन पदों की रचना की वे सभी के सभी ब्रज के पारंपरिक रसिया गीतों के प्राण हैं। इन्हीं कवियों एवं अन्य कवियों स्वामी हरिदास ( वैष्णव सम्प्रदाय के) तथा निम्बार्क/सखी सम्प्रदाय के अन्य संत -महंत कवि, मीराबाई, रसखान द्वारा ब्रजबिहारी, आनंदकंद बांकेबिहारी नंदलाल तथा ब्रजरानी राधारानी के रूपरंग- माधुर्य, उनकी विभिन्न कलाओं एवं क्रीडाओं में सराबोर होकर रचित सभी पद वर्तमान में भी रसिया लोकगीत के प्रमुख जिव्य हैं। सूरदास जैसे महाकवि के पदों और कृष्णभक्ति धारा के अन्यान्य कवियों ने तन्मयतापूर्वक इनकी रचना और गायन करके इसे जनजन तक पहुंचाकर लोकप्रियता और व्यापकता प्रदान की है।प्राचीन काल से ही ग्राम्य अंचलों, मंदिरों और उत्सवों (विशेषकर होली ) के दौरान गोपियों तथा श्रीकृष्ण के संवादों पर आधारित लोकगायन की परंपरा रही है, जिससे रसिया लोकगीत का उद्भव हुआ। रसिया लोकगीत को लोकप्रिय बनाने, संस्कार, परिष्कार करने तथा जन-जन तक पहुंचाने में चैतन्य महाप्रभु और उनके अनुयायियों(गौडीय संप्रदाय के संतकवियों ) का भी बृहद योगदान है।

मंदिरों से लोकमंच तक: रसिया गायन की परंपरा और विस्तार
रसिया गायन पर 15वीं, 16वीं शताब्दी में भक्ति आंदोलन का अत्यधिक सकारात्मक प्रभाव पडा। इसी समय रसिया तथा रसिया गायन ने परिष्कृत और व्यापक रुप लिया। रसिया लोकगीत उसी समय से केवल मंदिरों तक सीमित न रहकर ब्रज की रासलीला के मंचन-गायन,सुप्रसिद्ध लठ्ठमार होली तथा आयोजित होनेवाले मेलों का मुख्य विषय और आकर्षण का केन्द्र बन गयी। ब्रजक्षेत्र के स्थानीय कलाकार, लोककवि, व संत तथा ब्रजांचल के अनगिनत गुमनाम संतों, रसिया दंगलों के उस्तादों और लोक कवियों ने इस परंपरा को निस्वार्थ भाव से पीढी-दर -पीढी आगे बढाने का अभूतपूर्व कार्य किया है। प्राथमिक स्तर पर इसे साधारण लय और ताल के साथ गाया जाता था। लेकिन बाद में इसके गायन में ढोलक, मंजीरा, हारमोनियम, सारंगी, नगाड़ा और बंब (बडा ढोल ) जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों का प्रयोग होने लगा। शुरुआत के दिनों में यह गीत पारंपरिक रूप से स्त्री दृष्टिकोण से गाई जाती रही, लेकिन समय के साथ इसके रंग-ढंग में बदलाव होता चला गया। प्रारंभिक दिनों में इसमें राधाकृष्ण की लीलाओं का ही गुणगान होता था, होली का खेल, रासनृत्य, प्रेमियों का झगड़ा- रगड़ा, विरह की पीडा का ही वर्णन होता था। इन्हें मंदिरों में समाज गायन के दौरान वसंत पंचमी से शुरू होने वाले चालीस दिवसीय होली उत्सव के दौरान और रासलीला प्रदर्शनों में गाया जाता था तथा इसके गायन अथवा प्रस्तुति के भी सीमित स्थान होते थे। लेकिन समय के साथ – साथ वह भी विस्तृत होता गया और अब यह गांव के चौक,चौराहों, खेतों, होली- शोभा यात्रा और विवाह समारोहों से आगे बढकर जीवन में होने वाले विभिन्न उत्सवों, आयोजनों मेलों तक पहुंच गई है। अपने प्रारंभिक दिनों में अपने प्रेम -भक्ति के भावों तक सीमित रहने वाली रसिया में परवर्ती दिनों में सामाजिक उल्लास, व्यंग्य, लोकजीवन के विभिन्न प्रसंग जुड़ते चले गए और गायन के साथ – साथ संवाद शैली से भी संपन्न हो गई। रसिया गायन की लोकप्रियता का आलम आज आधुनिक शोर -शराबे, लाइट- साउंड, प्रचार – प्रसार की दुनिया में आयोजित होने वाले गीत – संगीत के विभिन्न कार्यक्रमों के माहौल में भी केवल ब्रज क्षेत्र में ही नही अपितु दूसरे क्षेत्रों में, देश -विदेशों में भी रसिया गायन का कार्यक्रम जहां कहीं भी आयोजित होता है वहां बिना बुलाये ही ढोलक की ऊंची थाप, मंजीरे की झंकार, चिमटा की गूंज, हारमोनियम की मधुर- निरंतर सरगम, बांसुरी की मधुर स्वर लहरियों, सारंगी और इकतारा की धुन, ढोलक की तान को सुनकर लोगों का हजूम स्वयंमेव ही इकठ्ठा होने लगता हैं तथा विभिन्न वाद्ययंत्रों के साथ समवेत रसिया गायन के अद्भुत गतिशील प्रवाह में श्रोतागण इतने भावविभोर तथा उस अपरमित आनंद में इतने आकंठ निमग्न जाते हैं कि उसके लिए नियत समय भी उनको कम पडने लगता है। बात भी सत्य है क्योंकि प्राकृतिक रंगों की वर्षा से केवल तन रंगीन होता है पर अपने स्वसेव्य श्रीठाकुर के चरणारविन्द में अनंतता, अनन्यता, दृढता विश्वास, आदर संवेदना, भक्ति और सर्वस्व समर्पण रूपी रंगों से मन और आत्मा का कल्याण होता है। समग्र जीवन भक्ति रूपी रंग से आच्छादित हो जाता है। श्रीठाकुर जी के रंग से अधिक और दुसरो क्या रंग हो सको ? जिसने इस दिव्य रंग को पा लिया मानो वह धन्य और पुष्टि के शाशवत रंगों से रंगीन हो गया। रसिया की चर्चा में यदि रसिक परंपरा के महान भक्त कवि चन्द्र की चर्चा न हो तो वह अधूरी है, महाकवि चन्द्र ने सखी भाव से चन्द्रसखी के रूप मे रसिया गीतों की पदों में अनेक गीतों की रचना कर रसिया संसार को अनन्य रूपों से समृद्ध किया है तथा ब्रजमंडल में अपने भक्ति भावपूर्ण गीतों के माध्यम से सांस्कृतिक क्रांति ला दिया। एक अच्छे रसिया गीत में श्रृंगार और भक्ति का अभूतपूर्व समिश्रण होता है जो प्रेम को ईश्वर तक ले जाता है। रसिया गायन सरल सहज शब्दों में प्रेम का संदेश देता है। रसिया ब्रज की अमूर्त धरोहर, है। इसमें नायक ब्रजराज कृष्ण और और नायिका ब्रजेश्वरी राधारानी को लेकर हृदय के अन्तरतम की भावना और उसके तार छेडे जाते हैं। ग्राम की चौपालों पर ब्रजवासी ग्रामीण अपने लोकवाद्य बम के साथ अपने ढप, ढोल और झांझ बजाते हुए रसिया का अद्भुत मस्ती में गायन करते हैं। आज आधुनिक वाद्ययंत्रों ने भले ही युवाओं के दिल में जगह बना ली हो लेकिन यहां के आम जनमानस और उनका अंतर्मन, उनकी धड़कनें ब्रजसंस्कृति की अनमोल धरोहर के लिए मचलती रहती है। गांवों के पुराने अखाड़ों और मंदिरों में जब इन धुनों की मिठास वहां के वातावरण में घुलती है तो रसिया गीत -संगीत की चुंबकीय शक्ति सहज – सरल संस्कृति प्रिय, रसग्राही श्रोताओं को अमित आनंद में लवलीन कर देती है। इसका नजारा बडा बाजार के बल्लो बाबा के अखाड़े पर आज भी प्रतिदिन सायंकाल में देखने और सुनने को मिल जाता है। वरंचे ही संगीत ने आधुनिकता का लिवास पहनकर मधुर मिठास को शोर-शराबे, धमाचौकडी में बदल लिया हो, परंतु ब्रजभूमि ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को आज भी जीवंत बनाए रखा है। ब्रज संस्कृति के मर्मज्ञ श्री गोपाल मुखिया जी जब रव में होते हैं तो इसमें रूचि रखने वालों को अक्सरहां बताते हैं कि पूर्व में लोग एकत्रित होकर दूसरे गांव जाते थे और पूरी रात चौपालों पर रसिया गायन करते थे। साथ ही गांव के परिक्रमा में भी जगह-जगह आयोजन होते रहते थे। आज रसिया गीत संगीत का परचम इसके कलाकार देश के विभिन्न भागों के साथ साथ विदेशी धरती जैसे जापान, सिंगापुर, जर्मनी, न्यूजीलैंड आदि देशों में लहरा चुके हैं। रसिया गायन के लिए बहुत आदर के साथ मुकुट कौशिक मंडली का भी नाम लिया जाता है। रसिया गीत- संगीत, नृत्य के साथ नाट्य विधा से भी संपन्न है। इसके गायन में जिन वाद्य यंत्रों का प्रयोग किया जाता है उन सभी का अपना -अपना महत्व है जैसे दो मोटे स्टीक से बजाये जाने वाले बंब का प्रयोग जहां वातावरण में उल्लास,, रवानगी लाने के लिए और पूरे वाद्य यंत्रों के खनक धमक, सुर ताल को मिलाने के लिए किया जाता है वहीं पर ढोलक, खंजरी का प्रयोग लय को नियंत्रित करने के लिए होता है। एकतारा और सारंगी स्वर लहरियों में माधुर्यता उत्पन्न करने का कार्य करते हैं तथा चीमटा और मंजीरा सुरों मे खनक पैदा करने का विशेष कार्य करते हैं। ब्रज क्षेत्र अपने आकार- प्रकार की दृष्टि से विशाल और भौगोलिक तथा सांस्कृतिक दृष्टि से विविधता पूर्ण है। यही कारण है कि स्थानीय विविधता के कारण मूल रसिया से समय के साथ कई एक उपशैलियां भी विकसित होती चली गई। संप्रति आधुनिकता की दौड़ में पारंपरिक रसिया ने डिजिटल रूप (डीजे डीजे रसिया) भी धारण कर लिया है। रसिया का यह नितनव्य स्वरूप यूट्यूब तथा सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हो रहा है। हालांकि लोकप्रियता के साथ- साथ इससे भविष्य में कई एक खतरे भी दिखाई दे रहे हैं जैसे इस धमाचौकडी, शोरशराबे, एकांतप्रियता से सर्वसमाज को जोड़ने की रसिया की मूल प्रवृत्ति और उसके मूल धुनों का क्षरण, दूसरा ब्रज की मौलिक संस्कृति के गुम होने का संकट, तीसरा ब्रज भाषा की रवानी, अभिव्यक्ति के अंदाज में घुसपैठ के कारण मूल विषय भाव- भंगिमा में उलजलूल संकेतों, फूहड़पन के प्रवेश की गुंजाईश का संकट। इन्हीं सब के दरवाजा खटखटाने की आहट का आभास करते हुए ब्रज संस्कृति के मर्मज्ञ श्री नाथ राम शर्मा गौड़ कहते हैं कि आज“ब्रज की लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए इसके मूल और पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक हो गया है।”
ब्रज रसिया की प्रमुख उपशैलियां: हाथरसी और लंगुरिया
रसिया गायन की दो प्रमुख उपशैलियां- मूल रसिया गायन शैली के साथ साथ उसके हरे-भरे रूप स्वरूप से आज कई एक उपशैलियां भी विकसित हो गई हैं जिनमें से हाथरसी रसिया और लंगुरियां शैली प्रमुख हैं।

हाथरसी रसिया: अखाड़ों की परंपरा, काव्यात्मक मुकाबला और लोकव्यंग्य
हाथरसी रसिया –19वीं, बीसवीं सदी में ब्रिटिश काल में जब हाथरस व्यापार का महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में विकसित हो रहा था तब मनोरंजन और जनजागरण के लिए इस शैली का विकास हुआ। उद्भव और विकास की दृष्टि से इस शैली के गायन का मूल केन्द्र हाथरस ही है। इसलिए हाथरस शहर के नाम पर इसका नामकरण भी हाथरसी रसिया पड गया। अखाड़ा के रूप विख्यात संगीत क्लबों के अर्ध पेशेवर सदस्यों द्वारा इसकी प्रस्तुति दी जाती है। आरंभिक दिनों में इन अखाड़ों को वहां के स्थानीय अभिजात्य वर्ग (धनी- मानी, शोहरतदार लोग)द्वारा संरक्षण भी दिया जाता था। इसका आनंद उस इलाके के संगीत पारखी, प्रेमी लोगों के साथ साथ समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा भी लिया जाता है। रसिया पर कार्य करनेवाले विदेशी लेखक पीटरमैनुअल लिखते हैं कि “यह (हाथरसी रसिया )माध्यमिक मधुर पहलुओं के साथ छंद योजनाओं के एक जटिल समूह द्वारा सूचित है।” हाथरसी शैली की रसिया ब्रज रसिया की व्यापक श्रेणी के भीतर एक विशेष रूप में विकसित हुई है।यह भी ब्रज संस्कृति की अभिन्न अंग है। जिसे लोक और शास्त्रीय संगीत के बीच की श्रेणी में रखा जा सकता है। यह अखाड़ा आधारित गायन और काव्यमय तुकबंदी से सजी होती है। इसकी प्रस्तुति जबाबी कीर्तन की भांति की जाती है।इसमें कुल बीस स्टाक ट्यून होते हैं। इसके कई एक गायकों ने तरज, बहार की धुन को अपने गायन में अपनाया है। जिसमें लोक, धुनों के माध्यम से पौराणिक कथाओं तथा सामाजिक सरोकारों, हास्य -व्यंग्य और श्रृंगार रस की प्रस्तुति की जाती है। हाथरस शैली की रसिया मुख्य रूप से रसिया दंगल अथवा स्वांग ( नौटंकी ) के रूप में मंचित होती है। 19वीं, 20वीं शताब्दी के दरम्यान हाथरस में इसने एक संगठित व्यवसायिक रूप ले लिया था। यहां के कवियों तथा अखाड़ेदारों ने इसको धार्मिक भजनों, आयोजनों से निकाल कर जन संवाद का माध्यम भी बनाया है। वर्तमान में इसकी प्रस्तुति प्रतियोगिता और जबाबी (उत्तर -प्रत्युत्तर शैली में ) गायन के रूप में की जाती है। इसकी भी भाषा ही है। इसकी संरचना में नुकीले, चुटीले,दमदार सधे हुए ब्रज के शब्दों का प्रयोग किया जाता है। इसकी प्रस्तुति में दो अखाड़े आमने – सामने बैठते हैं और जबाबी अंदाज में अपनी – अपनी प्रस्तुति के माध्यम से उपस्थित श्रोतागण -दर्शकगण को अपने तरफ आकृष्ट करते हुए एक- दूसरे दल पर प्रभावी बनने की कोशिश करते हैं। इसमें भाव भंगिमा के साथ- साथ शारीरिक अवयवों की भाषा का भी प्रभावी एवं आकर्षक ढंग से प्रयोग किया जाता है। इस शैली के गीतों तथा उनकी प्रस्तुति में जबरदस्त हास – परिहास और उमंग देखने को मिलता है। इसमें परिवारिक ताने – बाने जैसे जीजा – साली,देवर- भामी के संबंधों के आधार पर भी गायन प्रतियोगिता अखाड़ों के बीच में होती हैं। इसमें चुटीले-रसीले मजाकिया अंदाज के संवादों का भी प्रयोग होता है। हाथरसी रसिया के प्रचार- प्रसार करने और लोकप्रियता में विभिन्न अखाड़ों/ दलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जहां दो या उससे अधिक समूह प्रस्तुति देते हैं उस आयोजन को देशी भाषा में रसिया दंगल कहा जाता है। इसमे एक अखाड़े का मुख्य गायक छंद, दोहा या चौपाई के रूप में अपनी प्रस्तुति के माध्यम से गायन शैली में ही सामाजिक सरोकारों से संबंधित प्रश्न भी उठाता है और उसी अंदाज में सामने वाले अखाड़े का आशु कविता संगठन में माहिर मुख्य गायक तत्काल कविता बुनकर उसका काव्यात्मक शैली में जबाब देता है। अखाड़ों के मुख्य गायक को स्थानीय भाषा में खलीफा या उस्ताद भी कहते हैं। इसमें श्री कृष्ण, राधा जी और शिव -पार्वती से संबंधित धार्मिक पौराणिक विभिन्न आख्यानों का वर्णन भी मिलता है। सामाजिक तथा समसामयिक विषय के अंतर्गत समाज में जडियल हो चुकी विभिन्न कुरीतियों के साथ – साथ, राजनीति और देश दुनिया के ताजा तरीन घटनाओं पर भी तीखा कटाक्ष भी काव्यमय शैली में करते हैं। यहां की मिट्टी में समाहित हास्य- व्यग्यं का पुट भी हाथरसी रसिया में देखने को मिलता है। हाथरसी रसिया के गायन में प्रमुख वाद्ययंत्रों के रूप में नगाड़ा (स्थानीय भाषा में बम ), ढोलक, डफली, हारमोनियम तथा मंजीरा का प्रयोग किया जाता है। हाथरसी रसिया का दंगल हाथरस के लक्खी मेला श्री दाऊ जी महाराज का अनिवार्य अंग है। इस अद्भुत कला को सुनने – देखने और उसका रसास्वादन करने के लिए बहुत दूर- दूर से स्थानीय लोगों के साथ दूसरे प्रदेशों से भी संगीत प्रेमी, संगीत पारखी बेसब्री और उत्सुकता संजोए हुए हजारों की तादात मे लोग खीचें चले आते हैं। साल में एक बार आयोजित होने वाला यह मेला इस शैली के गायन का सबसे बडा तथा महत्वपूर्ण केन्द्र है।इस कला के गायन और प्रस्तुति देने वाली मंडलियों/ अखाड़ों में मुकेश शर्मा खिच्चो आटे वाले,रश्मि- करन शर्मा, रामवीर – रज्जो हाथरसी, किशन शर्मा, गुलजारी लाल – वंदना का अखाड़ा मशहूर है। इस शैली के सुप्रसिद्ध और लोकप्रिय गीतों में – मेरे प्रीया कहदेओ तौ पीहर जाऊं, करन कुंवारी पे पैदाहै गयो हौ, छोटो छोटो जाते कह रही ये तेरो भरतपुर लुटेगो, तेरी बहना या राम के भईया घर नाक कटाके बैठी है, मन का बंटवारा मत करना आंखों के आंसू नही सकेंगे, तेरे बाप के बाबा भी हैं गए, मेरी चुनर पर रंग मत डाल रसिया।
लंगुरिया रसिया: कैला देवी की भक्ति और लोकआस्था की चंचल धुन
लंगुरिया रसिया – यह मूल ब्रज रसिया की ही एक उपशैली है। यह एक प्रकार से धार्मिक और दैवी गीत है। कैला देवी से इसका विशेष संबंध है। इसका गायन माता के विभिन्न शक्ति पीठों पर आयोजित होने वाले मेलों में किया जाता है। विशेष रूप से नवरात्रि में और राजस्थान के करौली जिले मे स्थित कैला देवी के मंदिर के प्रांगण मे आयोजित मेले में किया जाता है। लंगुरिया गीतों की लोकप्रियता राजस्थान के उस अंचल मे सर्वाधिक है। लंगुरिया शब्द हनुमान जी या भैरव जी के बाल -स्वरूप का प्रतीक है। इन गीतों में भक्त गायक स्वयं को लंगुरिया मानकर देवी माँ से एक विशिष्ट शैली मे हंसते -हंसते शिकायतें करता है, हठ करता है और मेले में ले जाने का मनुहार करता है। इसकी धुनें अत्यंत चंचल होती हैं जो भक्तगणों को थिरकने के लिए विवश कर देती है। इनका गायन विशेष रूप से माता कैला देवी के साथ- साथ अन्य देवियों को प्रसन्न करने के लिए किया जाता है। इस शैली का नामकरण लंगुरिया के नाम पर ही रखा गया है। लंगुरिया को कैला देवी का रक्षक अथवा सहायक माना जाता है। इसके गायन की अपनी विशिष्ट शैली है जो ब्रज की मूल रसिया से भिन्न होती है। इसे सामान्य रूप से दो या तीन स्टाक धुनों में गाया जाता है। कैला देवी का मंदिर राजस्थान के करौली जिले में और अपने ताजमहल के लिए देश- विदेशों मे सुविख्यात आगरा शहर के दक्षिण मे स्थित है। लंगुरिया रसिया का गायन और उनकी रचना नवजवान औरतें और युवा सेकुलर रसिया लिखने वाले युवा ही अक्सर करते हैं। इसकी प्रस्तुति में गायन के साथ साथ नृत्य भी किया जाता है। इसकी गायन और नृत्य शैली भी ब्रज की लोकपरंपरा की अभिन्न अंग है जो इस विशिष्ट क्षेत्र की अनूठ सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को दर्शाती है। लेकिन आजकल लंगुरिया रसिया शैली अपने पारंपरिक रूप से अलग हटकर ब्रज वाणिज्यिक लोक पाप संगीत की मुख्य शैली का गठन करती हुई भी दिखाई देती है।
