बस्ती में पीलीभीत जैसी गड़बड़ी: एक ही वोटर के तीन-तीन EPIC नंबर, मतदाता सूची में फर्जीवाड़े पर 2 SDM समेत 3 पर FIR
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मतदाता सूची (Voter List) में बड़ी खामी उजागर हुई है। पीलीभीत की तर्ज पर यहां भी एक ही वोटर का नाम दो से तीन जगह दर्ज मिला है। गड़बड़ी इस स्तर की है कि मतदाता का नाम, पता और फोटो एक है, लेकिन उनके वोटर आईडी (EPIC) नंबर अलग-अलग जारी कर दिए गए हैं। इस गंभीर लापरवाही पर एक्शन लेते हुए दो एसडीएम (SDM) और एक कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कैंप में खुली डेटा एंट्री की पोल
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और त्रुटियां सुधारने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शहर के खैर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर बीएलओ (BLO) की टीम के सामने एक के बाद एक कई दोहरी प्रविष्टियों (entries) के मामले सामने आए।
खैर कॉलेज में अपनी शिकायत लेकर पहुंचीं आसिया खातून का नाम मतदाता सूची में तीन जगह दर्ज मिला। तीनों प्रविष्टियों में उनकी फोटो एक जैसी है, लेकिन EPIC नंबर अलग-अलग हैं। इसी तरह गुड़िया नाम की एक महिला का नाम दो जगह दर्ज है। दोनों वोटर आईडी में उनके पति राकेश का नाम और पता समान है, लेकिन फोटो और EPIC नंबर दोनों अलग-अलग हैं।
कई अन्य वोटरों के भी एक से ज्यादा EPIC नंबर
तुर्कहिया इलाके की कुसुम देवी की जानकारी भी मतदाता सूची में दो बार दर्ज की गई है। दोनों जगह उनके पति सौरभ का नाम और तस्वीर समान है, लेकिन EPIC नंबर बदल दिए गए हैं। इसके अलावा अदीबा वहीद (पिता अब्दुल वहीद) और अब्दुल हमीद के मामलों में भी यही गड़बड़ी पकड़ी गई है। इन दोनों मामलों में फोटो और नाम एक ही हैं, लेकिन EPIC नंबर अलग-अलग जनरेट कर दिए गए हैं।
152 नाम डबल मिले, हटाने की प्रक्रिया शुरू
इस गड़बड़ी के सामने आने के बाद बस्ती के एडीएम (ADM) ज्ञान चंद्र गुप्ता ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को मतदाता सूची का आलेख प्रकाशित हुआ था। अब तक की जांच में 152 नाम सूची में डबल होने की जानकारी मिली है। प्रशासन इन सभी नामों की जांच कर रहा है और जो भी प्रविष्टियां डबल पाई जाएंगी, उन्हें सूची से डिलीट किया जाएगा।
2 SDM और एक ऑपरेटर पर केस दर्ज
मतदाता सूची में इस तरह की बड़ी चूक सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इस मामले में प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950, 1951, 1989 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। इस एफआईआर में दो SDM और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को नामजद किया गया है।
