सैफ-करीना की शादी पर आजम खान का सवाल, बोले- कानून सिर्फ गरीबों के लिए?

azam

समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने ‘लव जिहाद’ कानून के इस्तेमाल और इसके दायरे को लेकर सवाल खड़े किए हैं। एबीपी न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बॉलीवुड हस्तियों की अंतर्धार्मिक शादियों का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि यह कानून केवल गरीबों पर लागू किया जाता है।

सैफ-करीना और शाहरुख-गौरी की शादी का दिया हवाला

इंटरव्यू के दौरान जब आजम खान से हिंदू लड़कियों को कथित तौर पर फंसाकर किए जाने वाले ‘लव जिहाद’ से जुड़ा सवाल पूछा गया, तो उन्होंने रसूखदार और आम लोगों के बीच भेदभाव का आरोप लगाया।

सपा नेता ने कहा, “करीना कपूर की अगर सैफ अली खान से शादी होती है और शाहरुख खान की शादी होती है गौरी से… तो जब इनकी शादियां होती हैं तो पूरा बॉलीवुड, पूरा समाज और दौलतमंद लोग नाचते और जश्न मनाते हैं। लेकिन, गांव के ननुआ की अगर कलुआ से शादी होती है तो बुलडोजर चल जाता है, लव जिहाद हो जाता है।”

रसूखदारों पर कानून लागू न होने पर सवाल

आजम खान ने अपने बयान में शाहनवाज खान का भी जिक्र किया और कानून के दोहरे मापदंड होने का दावा किया। उन्होंने सवाल किया कि इन चर्चित मामलों में लव जिहाद का कानून कहां चला जाता है।

सपा नेता के मुताबिक, “क्या बस ननुआ के लिए ही कानून है? लव जिहाद ननुआ के लिए है, सैफ अली खान के लिए नहीं है, शाहरुख खान के लिए नहीं है, शाहनवाज खान के लिए नहीं है। क्या मैं गलत कह रहा हूं?”

‘बड़े आदमी को मिलनी चाहिए बड़ी सजा’

कानून के तहत होने वाली कार्रवाई पर बात करते हुए आजम खान ने कहा कि अगर यह नियम है तो सजा सभी को मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब कोई बड़ा आदमी ऐसा काम करता है तो उसे और भी बड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या यह कानून सिर्फ गरीबों के लिए बनाया गया है और क्या यह बड़े लोगों पर लागू नहीं होगा।

जेल से बाहर आने के बाद लगातार चर्चा में

आजम खान ज़मानत पर जेल से बाहर आने के बाद से अपने बयानों को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। इससे पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को लेकर दिए गए उनके तीखे बयानों ने भी उत्तर प्रदेश की सियासत और मुस्लिम वोटरों के बीच बहस तेज कर दी थी।