एशियन गेम्स 2026: नीरू ढांढा ने ट्रैप शूटिंग में रचा इतिहास, नया रिकॉर्ड बनाकर 48 साल बाद भारत को दिलाया गोल्ड
2026 एशियन गेम्स में भारतीय एथलीट्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिला शूटर नीरू ढांढा ने ट्रैप शूटिंग की एकल (सिंगल्स) स्पर्धा में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए भारत को गोल्ड मेडल दिला दिया है। इस जीत के साथ ही टूर्नामेंट में भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या 5 हो गई है, जबकि कुल पदकों का आंकड़ा 47 तक पहुंच गया है। इस समय भारत पदक तालिका में 11वें नंबर पर काबिज है। नीरू की यह जीत भारतीय खेल इतिहास के लिए बेहद खास है क्योंकि उन्होंने न सिर्फ एशियन गेम्स का रिकॉर्ड तोड़ा है, बल्कि एशियाई खेलों में महिलाओं की ट्रैप सिंगल्स में गोल्ड जीतने वाली वह पहली भारतीय शूटर बन गई हैं।
फाइनल में अचूक निशाना, बना नया एशियन रिकॉर्ड
खिताबी मुकाबले में नीरू ढांढा का प्रदर्शन पूरी तरह बेमिसाल रहा। फाइनल राउंड में मिले 30 शॉट में से उन्होंने 28 पर सटीक निशाना साधा, जिसके साथ ही एशियन गेम्स का पुराना रिकॉर्ड टूट गया। इस शानदार स्कोर के साथ नीरू एशियन चैंपियन बनने के साथ-साथ नई रिकॉर्ड होल्डर भी बन गई हैं।
इस स्पर्धा में चीन की सुन युनगोंग ने 26 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने 21 का स्कोर करते हुए ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया।
75 साल के इतिहास में पहली भारतीय महिला
एशियन गेम्स के 75 साल के लंबे इतिहास में नीरू ढांढा से पहले किसी भी भारतीय महिला शूटर ने ट्रैप एकल स्पर्धा का स्वर्ण पदक नहीं जीता था। फाइनल से पहले, नीरू ने क्वालीफिकेशन राउंड में भी अपना दबदबा दिखाया था। क्वालीफिकेशन में उन्होंने कतर की शूटर के साथ 118 का स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से टॉप पोजिशन हासिल की थी।
48 साल के लंबे सूखे का अंत
भारत के लिए ट्रैप शूटिंग के सिंगल्स इवेंट में यह मेडल लगभग पांच दशक के लंबे इंतजार के बाद आया है। भारत ने आखिरी बार साल 1978 में ट्रैप शूटिंग की एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। उस समय रणधीर सिंह ने मेंस ट्रैप इवेंट में यह कारनामा किया था। उस ऐतिहासिक जीत के पूरे 48 साल बाद अब नीरू ढांढा ने भारत के लिए ट्रैप शूटिंग में गोल्ड पर सटीक निशाना साधा है।
