105 से ज्यादा सीटें चाहिए, सपा को 37 सीटें राहुल की वजह से मिलीं: इमरान मसूद
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की रस्साकशी तेज होती नजर आ रही है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा पर पलटवार करते हुए सवाल किया कि अगर बार-बार कांग्रेस को उसकी औकात याद दिलाई जाती है, तो फिर सपा को कांग्रेस की जरूरत ही क्यों पड़ती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भले ही शून्य हो, लेकिन जिस गठबंधन में वह शामिल होती है, वहां उसका असर दस गुना हो जाता है।
मसूद ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस को यूपी में 105 से कम सीटों पर समझौता नहीं करना चाहिए, बल्कि उसकी मांग इससे भी अधिक की है। उनके अनुसार, 2017 में कांग्रेस ने 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था, तब पार्टी की हालत कमजोर थी, मगर अब वह कहीं मजबूत स्थिति में है।
सपा से गठबंधन में हिस्सेदारी पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अच्छी सीटें भी मिलनी चाहिए और पर्याप्त संख्या में भी। उनके शब्दों में, “हमें सीटें दीजिए, हम लड़ भी सकते हैं और जीत भी सकते हैं। मुख्यमंत्री पद आप रख लीजिए, उस पर कोई विवाद नहीं। पर अपने सहयोगी को कमजोर और छोटा दिखाने की कोशिश क्यों हो रही है? मैंने तो आपके खिलाफ एक शब्द नहीं बोला, फिर मुझ पर सीधे हमले क्यों शुरू किए गए?”
राहुल गांधी की वजह से सपा को मिलीं 37 सीटें
मसूद ने 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा को मिली कामयाबी का श्रेय राहुल गांधी को भी दिया। उनका कहना था कि राहुल गांधी के कारण ही सपा 37 सीटें जीत सकी। उन्होंने कहा, “हम यह नहीं कहते कि आपका योगदान नहीं था, पर जीत हमारी भी थी। हमने बड़ा दिल दिखाया, लेकिन क्या हर बार दरियादिली हमें ही दिखानी होगी? क्या आप थोड़ी उदारता नहीं दिखा सकते?”
सपा को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को शून्य सीटें मिलीं तो नतीजा भी शून्य ही रहेगा। जिन सीटों को सपा कांग्रेस को देने को तैयार नहीं है, उन पर वह खुद लड़कर जीत दिखाए। जब सपा के पास जीत का फॉर्मूला होने का दावा है, तो उसे इन सीटों पर खुद मैदान में उतरना चाहिए।
खरगे की टिप्पणी पर भी दी सफाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को लेकर मसूद ने कहा कि खरगे ने उनकी मेहनत को माना है और काम की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की तरक्की के लिए जान तक देने को तैयार हैं, फिर भी उन्हें हर ओर से ऐसे घेरा जा रहा है मानो वे कोई खलनायक हों।
मसूद ने स्पष्ट किया कि वे अपनी पार्टी के लिए ही मांग और लड़ाई कर रहे हैं और हमेशा पार्टी के हित की बात करेंगे। उन्होंने पूछा कि भाजपा को सत्ता से हटाने की पूरी जिम्मेदारी क्या केवल उन्हीं के कंधों पर है, क्या यह जिम्मेदारी सपा की नहीं है?
