अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA पर बड़ा साइबर अटैक, डेटाबेस से सैटेलाइट इमेज और जानकारियां चोरी; ODNI भी प्रभावित

cyber

अमेरिका की खुफिया एजेंसी सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) पर बड़ा साइबर अटैक हुआ है। हैकर्स ने एजेंसी के डेटाबेस में सेंध लगाकर सोशल मीडिया, सैटेलाइट इमेज और अन्य सार्वजनिक जानकारियां चुरा ली हैं। इस हमले का असर ऑफिस ऑफ द डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस (ODNI) पर भी पड़ा है।

मिडिल ईस्ट में ईरान के साथ जंग और मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के सामने यह नई चुनौती खड़ी हो गई है। दुनियाभर में संभावित खतरों की पहचान करने वाली प्रमुख खुफिया एजेंसी पर हमले से अमेरिका के इंटेलिजेंस नेटवर्क और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

हमले के पीछे कौन, अभी साफ नहीं

इस साइबर अटैक के पीछे किसका हाथ है, हैकर्स ने सिस्टम में कब और कैसे सेंध लगाई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। CIA के सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के बाद इस सेंधमारी का पता चला।

FBI, पेंटागन और कृषि विभाग भी निशाने पर

साइबर हमलों की जद में केवल CIA ही नहीं, बल्कि अमेरिका की कई अन्य प्रमुख एजेंसियां भी आई हैं। अमेरिका के कृषि विभाग का डेटाबेस चोरी हुआ है और FBI के डेटाबेस को दो बार हैक करने की कोशिश की गई है। पेंटागन और अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग भी साइबर हमलों से जूझ रहे हैं।

हैकर्स ने नेशनल क्राइम इन्फॉर्मेशन सेंटर (NCIC) के डेटाबेस को भी हैक किया है, जिसके जरिए अमेरिका की संघीय, राज्य और क्षेत्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियां आपस में जानकारियां साझा करती हैं। इससे पहले भी एक साइबर अटैक के चलते अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट को करीब 36 घंटे तक बड़े आउटेज का सामना करना पड़ा था।

पहले भी निशाना बन चुकी है CIA

अमेरिकी खुफिया एजेंसी पर साइबर हमले का यह पहला मामला नहीं है। साल 2016-17 में ‘Vault 7’ लीक मामला काफी चर्चित रहा था, जिसमें CIA के साइबर वेपन्स, हैकिंग टूल्स और निगरानी तकनीकों से जुड़े गोपनीय दस्तावेज सामने आए थे। CIA के पूर्व कर्मचारी जोशुआ शुल्टे पर इन दस्तावेजों को चुराकर विकिलीक्स को देने के आरोप लगे थे। मार्च 2017 में विकिलीक्स द्वारा इन्हें जारी किए जाने के बाद चोरी का खुलासा हुआ था।

साल 2015 में तत्कालीन CIA डायरेक्टर जॉन ब्रेनन का निजी AOL ईमेल अकाउंट सोशल इंजीनियरिंग के जरिए हैक कर लिया गया था। तब एजेंसी के आधिकारिक नेटवर्क पर हमला नहीं हुआ था, लेकिन कई अहम जानकारियां और कागजात लीक हो गए थे। इसके अलावा 2009 से 2013 के बीच हैकर्स ने उस सीक्रेट नेटवर्क में सेंध लगाई थी, जिसका इस्तेमाल CIA अधिकारी विदेशी एजेंटों और मुखबिरों से संपर्क के लिए करते थे। साल 2018 में Yahoo News में आई तकनीकी समस्या की जांच के दौरान खुफिया संचार व्यवस्था की इस चूक का खुलासा हुआ था।