शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर हत्या के आरोपी पर जानलेवा हमला, हाथ काटा और गोली मारी

puna

पुणे के शिवाजीनगर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर बुधवार दोपहर सुनवाई के लिए पहुंचे हत्या के एक आरोपी पर हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले धारदार हथियार से उसका एक हाथ काट दिया और फिर उसे गोली मार दी।

घायल मंदार मारुति किवले को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वह चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।

कोर्ट के बाहर हमला और मौके से पिस्तौल बरामद

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, किवले जब सुनवाई के लिए कोर्ट पहुंचा, तभी दो हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। घटना के वीडियो में हमलावर उस पर बार-बार हथियार से वार करते दिखाई दे रहे हैं।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर दो स्कूटरों पर सवार होकर फरार हो गए। हमले के बाद किवले खून से लथपथ हालत में फुटपाथ पर पड़ा रहा और उसके एक हाथ का हिस्सा कट गया था। पुलिस को घटनास्थल से दो पिस्तौल और एक मैगजीन मिली है।

2025 के हत्याकांड में गया था जेल

मंदार मारुति किवले पर अप्रैल 2025 में पुणे के संतोषनगर कटराज इलाके में शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या का आरोप था। यह मामला जमीन और पैसों के विवाद से जुड़ा हुआ था।

इसी प्रकरण में वह जेल में बंद था और इस हमले से महज चार दिन पहले ही रिहा होकर बाहर आया था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात के बाद पुलिस कोर्ट परिसर और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, हमले के पीछे की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और मामले की जांच की जा रही है।