उमर खालिद और शरजील इमाम को राहत नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने 2020 के दिल्ली दंगों की कथित बड़ी साजिश से जुड़े मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया है। बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अभी अंतरिम जमानत नहीं दी जा सकती और इस पर विचार करने से पहले दिल्ली पुलिस का पक्ष सुना जाएगा।
अदालत ने पूर्व जेएनयू स्कॉलर उमर खालिद की अंतरिम जमानत की मांग स्वीकार करने से मना करते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। इससे पहले हाईकोर्ट ने भी दोनों को जमानत देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
लंबी हिरासत की दलील और SG तुषार मेहता का विरोध
याचिकाकर्ताओं की ओर से लंबे समय से जेल में बंद रहने का हवाला देते हुए जमानत की मांग की गई। उनका तर्क है कि लंबी हिरासत और संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने में लगने वाले समय को देखते हुए उन्हें राहत मिलनी चाहिए।
याचिकाकर्ताओं ने कहा कि 25 सितंबर 2020 को दाखिल चार्जशीट में 18 आरोपी हैं और 900 से अधिक गवाहों की सूची में 47 संरक्षित गवाह शामिल हैं। अब तक गवाही पूरी नहीं हुई है और इसमें समय लगेगा। उन्होंने जमानत न मिल पाने को व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार से जोड़ा।
दूसरी ओर, सॉलिसिटर जनरल (SG) तुषार मेहता ने जमानत का विरोध करते हुए दलील दी थी कि यह हिंसा राष्ट्र की संप्रभुता पर हमला थी।
जनवरी 2026 में खारिज हुई थी जमानत याचिका
इससे पहले 5 जनवरी 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की बेंच ने उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से मना कर दिया था। अदालत ने दोनों को कथित बड़ी साजिश का ‘वैचारिक सूत्रधार’ बताया था।
उसी मामले में कोर्ट ने गुलफिशा फातिमा सहित पांच अन्य आरोपियों को जमानत दे दी थी। अदालत ने कथित साजिश में उनकी भूमिका को उमर खालिद और शरजील इमाम की भूमिका से अलग माना था।
क्या है पूरा मामला
उमर खालिद और शरजील इमाम फरवरी 2020 में हुए दिल्ली दंगों की कथित साजिश से जुड़े मामले में जेल में बंद हैं। जनवरी 2026 में जमानत याचिका खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि वे एक साल बाद या उससे पहले संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने के बाद दोबारा जमानत के लिए याचिका दायर कर सकते हैं।
