स्कूलों में बच्चों को मुफ्त दिखाएं ‘रामायण’, कांग्रेस नेता ने रखी नई मांग
रणबीर कपूर और साईं पल्लवी अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ को टैक्स फ्री न किए जाने पर कांग्रेस पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है। राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने मांग की है कि फिल्म को तुरंत टैक्स फ्री किया जाए और बीजेपी शासित राज्यों में स्कूली बच्चों को मुफ्त में दिखाई जाए।
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि बीजेपी सिर्फ भगवान राम के नाम का इस्तेमाल करती है, लेकिन भगवान राम के जीवन और आदर्शों पर बनी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि फिल्म में भगवान राम की मर्यादा और आदर्शों को दर्शाया गया है, जबकि रिलीज के करीब तीन सप्ताह बीतने के बावजूद इसे टैक्स फ्री नहीं किया गया।
कंगना रनौत की फिल्म और यूपी चुनाव का जिक्र
कांग्रेस नेता ने कहा कि बीजेपी ने अपनी पार्टी की सांसद कंगना रनौत की फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया था और उसके प्रमोशन में मुख्यमंत्री भी शामिल हुए थे, लेकिन ‘रामायण’ को लेकर चुप्पी साधी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी कंगना रनौत को भगवान राम से ऊपर मानती है।
खाचरियावास ने दावा किया कि बीजेपी अभी तक भगवान राम की कृपा से जीतती रही है, लेकिन अब उसे नाराजगी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान से इसकी शुरुआत हो चुकी है और इसका असर उत्तर प्रदेश के चुनाव में भी दिखेगा।
धीरेंद्र शास्त्री और विश्व हिंदू परिषद पर टिप्पणी
धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधते हुए प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि उनकी कथाएं बीजेपी को नहीं बचा पाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री भगवान राम और कृष्ण की कथा सुनाने जाते हैं, लेकिन चर्चा में रहने के लिए बोलते हैं, इसलिए उन्हें भगवान के बजाय अपनी कथा सुनानी चाहिए।
विश्व हिंदू परिषद (VHP) द्वारा फिल्म को लेकर उठाए गए सवालों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि टैक्स फ्री से बचने के लिए बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है। खाचरियावास के मुताबिक, फिल्म में रावण का महिमामंडन नहीं किया गया है और त्रेता युग की घटनाओं को दिखाया गया है। उन्होंने दावा किया कि यदि फिल्म को टैक्स फ्री नहीं किया गया, तो कांग्रेस राम भक्तों के बीच जाकर बीजेपी की पोल खोलेगी।
