बांग्लादेश में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया पर रोक की तैयारी
बांग्लादेश की एक प्रमुख अदालत ने सरकार को 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए दिशा-निर्देश तैयार करने का निर्देश दिया है। अदालत ने नाबालिगों पर ‘एल्गोरिदम’ आधारित कंटेंट के प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई और इसके असर की जांच के लिए स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति गठित करने का आदेश जारी किया।
समाचार पत्र ‘प्रथम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के हाईकोर्ट डिवीजन ने रविवार, 22 नवंबर 2026 को एक रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया। याचिका में 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रीय नीति न होने पर सवाल उठाया गया था। न्यायमूर्ति सिकंदर महमूदुर रजी और न्यायमूर्ति फातिमा अनवर की पीठ ने डाक एवं दूरसंचार विभाग के सचिव और बांग्लादेश दूरसंचार नियामक आयोग (BTRC) के अध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पक्षों को जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया।
एल्गोरिदम के प्रभाव की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति का गठन
अदालत ने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, बाल मनोवैज्ञानिकों, बाल रोग विशेषज्ञों और कानूनी विशेषज्ञों की एक समिति तत्काल गठित करने का आदेश दिया। यह समिति यह आकलन करेगी कि एल्गोरिदम द्वारा नियंत्रित कंटेंट फीड बच्चों पर किस प्रकार का प्रभाव डालता है।
समिति यह भी जांच करेगी कि एल्गोरिदम आधारित सुझाव प्रणाली बच्चों के व्यवहार, ऑनलाइन कंटेंट तक उनकी पहुंच और समग्र विकास को कैसे प्रभावित करती है। समिति अपनी रिपोर्ट अदालत को सौंपेगी, जिसके आधार पर सोशल मीडिया के उपयोग को नियंत्रित करने के नियम और उपाय तय किए जाएंगे।
वैश्विक चिंताओं के बीच आया फैसला
यह निर्देश ऐसे समय में आया है जब दुनिया भर में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक सेहत और विकास पर सोशल मीडिया के प्रभाव को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। कई देशों की सरकारें आयु आधारित प्रतिबंध लगाने और बच्चों को हानिकारक ऑनलाइन कंटेंट से सुरक्षित रखने के लिए सख्त नियम बनाने पर विचार कर रही हैं।
