अमृत 2.0 के तहत यूपी में सीवरेज और जल प्रबंधन को मिल रही गति, 4.16 लाख घरों को सीवर कनेक्शन देने का लक्ष्य

CM-Yogi-3

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में शहरी बुनियादी सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए सीवरेज व्यवस्था के विस्तार, स्वच्छता और जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अमृत 2.0 मिशन के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न शहरों में सीवर नेटवर्क तैयार करने और घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ने का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य शहरी आबादी को बेहतर सीवरेज सुविधाएं देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

1,751.52 किमी सीवर नेटवर्क में 827.41 किमी का कार्य पूरा

अमृत 2.0 योजना के तहत प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में कुल 4.16 लाख घरों को सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बड़े स्तर पर सीवर नेटवर्क का निर्माण किया जा रहा है।

परियोजना के तहत कुल 1,751.52 किलोमीटर सीवर नेटवर्क विकसित किया जाना प्रस्तावित है, जिसमें से अब तक 827.41 किलोमीटर नेटवर्क का काम पूरा हो चुका है। इससे शहरी इलाकों में सीवरेज सुविधाएं बढ़ाने और घरों से निकलने वाले गंदे पानी के व्यवस्थित निस्तारण में मदद मिली है।

8 एसटीपी और 16 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट निर्माणाधीन

सीवरेज व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सीवर लाइन बिछाने के साथ-साथ अपशिष्ट जल के वैज्ञानिक शोधन और प्रबंधन पर भी काम किया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश में 201 एमएलडी (MLD) क्षमता के 8 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निर्माण कराया जा रहा है, जिनसे शहरों के सीवेज का मानकों के अनुरूप शोधन हो सकेगा।

इसके अलावा 326.25 एमएलडी क्षमता के 16 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) का निर्माण भी जारी है।

जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने और स्वच्छता पर जोर

इन परियोजनाओं से नदियों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों में बिना शोधन के गंदा पानी जाने की समस्या को कम करने में सहायता मिलेगी। राज्य सरकार का मानना है कि इन कार्यों के पूरा होने से शहरों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।