पंजाब चुनाव: गठबंधन पर बोले बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों- सभी 117 सीटों पर तैयारी
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने गठबंधन की संभावनाओं पर पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की तैयारियां अभी पूरी तरह से राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर केंद्रित हैं।
गठबंधन के सवाल पर ढिल्लों ने कहा, “गठबंधन को लेकर बातचीत के संदर्भ में, हमारा अभी भी यही रुख है कि हम सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। अगर कोई चर्चा होगी, तो हाईकमान जो भी फैसला लेगा, हम उसे मानेंगे।”
घोषणापत्र के लिए QR कोड और हेल्पलाइन नंबर जारी
पंजाब बीजेपी प्रमुख ने जानकारी दी कि पार्टी ने अपने चुनावी घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) के लिए एक QR कोड और हेल्पलाइन नंबर जारी किया है और जल्द ही घोषणापत्र भी सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह घोषणापत्र आम लोगों का होगा और पार्टी खुशहाल पंजाब बनाने के लिए काम करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास का जिक्र करते हुए ढिल्लों ने दावा किया कि पंजाब में बीजेपी की सरकार बनने पर कोई भी योजना बंद नहीं की जाएगी और डबल इंजन की सरकार आने से राज्य का विकास अधिक तेजी से होगा।
भगवंत मान सरकार पर कर्ज और संसाधनों के दोहन का आरोप
इससे पहले 19 नवंबर को भी केवल सिंह ढिल्लों ने विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने माइनिंग, रेत, बजरी और शराब समेत हर क्षेत्र से पैसा वसूला और पंजाब के संसाधनों को निचोड़ लिया।
ढिल्लों ने दावा किया कि पिछले 60 वर्षों में पंजाब पर 2.62 लाख करोड़ रुपये का कर्ज था, जिसे मौजूदा सरकार ने महज साढ़े चार साल में बढ़ाकर 5 लाख करोड़ रुपये कर दिया है।
